बड़वानी के बोरलाय में अवैध रेत से भरे ट्रैक्टर ने दो बाइकों को मारी टक्कर, बच्चों सहित सात लोग घायल
हादसे में घायल दो लोगों को अंजड़ सिविल अस्पताल और एक व्यक्ति व चार बच्चों को बड़वानी जिला अस्पताल पहुंचाया गया

रमन बोरखड़े। जनोदय पंच। बड़वानी जिले के बोरलाय गांव में तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली ने दो बाइकों को टक्कर मार दी। हादसे में चार बच्चों सहित सात लोग घायल हो गए। घायलों को अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और कार्रवाई शुरू की।
दो बाइकों को ट्रैक्टर-ट्रॉली ने मारी टक्कर
बड़वानी। अंजड़ थाना क्षेत्र के ग्राम बोरलाय में बड़वानी रोड पर तेज रफ्तार अवैध रेत से भरे ट्रैक्टर-ट्रॉली ने दो बाइकों को टक्कर मार दी। हादसे में बच्चों सहित सात लोग घायल हो गए। दुर्घटना के बाद घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।

दो घायलों को अंजड़ सिविल अस्पताल भेजा
हादसे में फत्यापुर निवासी रायसिंह और पाडला निवासी हेमेंद्र परिहार घायल हुए। दोनों को अंजड़ सिविल अस्पताल पहुंचाया गया। वहीं, लोकेश मंडलोई और उसके साथ बाइक पर सवार चार बच्चे भी हादसे में घायल हुए।
लोकेश का निजी अस्पताल में, बच्चों का जिला अस्पताल में उपचार
लोकेश मंडलोई को उपचार के लिए निजी चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है, जबकि उसके साथ बाइक पर सवार चार बच्चों का उपचार बड़वानी जिला अस्पताल में चल रहा है।
सूचना पर पहुंची पुलिस, कार्रवाई शुरू
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और कार्रवाई शुरू की। हादसे के बाद क्षेत्र में अवैध रेत परिवहन और तेज रफ्तार वाहनों पर रोक लगाने को लेकर सवाल उठ रहे हैं।



