खरगोन-बड़वानीमुख्य खबरे

साली टांडा में जनसंवाद कार्यक्रम, पुलिस ने ग्रामीणों को साइबर सुरक्षा और नशामुक्ति का संदेश दिया

साली टांडा में आयोजित जनसंवाद कार्यक्रम में शिक्षा, साइबर सुरक्षा, नशामुक्ति और यातायात नियमों को लेकर ग्रामीणों को जागरूक किया गया।

जनोदय पंच। बड़वानी जिले के नागलवाड़ी थाना क्षेत्र के ग्राम साली टांडा में “जनसंवाद – आपकी बात, पुलिस के साथ” कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में 27 गांवों के सरपंच, वारती पटेल, ग्रामीण, महिलाएं और बच्चे शामिल हुए। पुलिस अधिकारियों ने शिक्षा, साइबर सुरक्षा, नशामुक्ति और यातायात नियमों को लेकर जागरूक किया।

शिक्षा और सामाजिक जागरूकता पर जोर

कार्यक्रम पुलिस अधीक्षक पद्मविलोचन शुक्ल के निर्देशन एवं मार्गदर्शन में आयोजित किया गया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उन्होंने दुष्यंत कुमार की प्रसिद्ध पंक्तियों “ले मशालें चल पड़े हैं लोग मेरे गांव के…” के माध्यम से ग्रामीणों को शिक्षा, जागरूकता और सामाजिक परिवर्तन का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि ग्रामीण और जनजातीय क्षेत्र समाज की शक्ति हैं तथा शिक्षित और जागरूक युवा ही देश और समाज का नेतृत्व करेंगे।

युवाओं और बच्चों को दिया संदेश

पुलिस अधीक्षक पद्मविलोचन शुक्ल ने कहा कि पुलिस केवल कानून व्यवस्था बनाए रखने का कार्य नहीं करती, बल्कि समाज को सुरक्षित और सशक्त बनाने का भी दायित्व निभाती है। उन्होंने बच्चों को शिक्षा से जोड़ने, युवाओं को नशे से दूर रखने और महिलाओं में सुरक्षा का विश्वास बढ़ाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि “आज अपने लिए पढ़ेंगे, तो कल देश का नाम रोशन करेंगे” आने वाली पीढ़ी के उज्ज्वल भविष्य का संकल्प है।

साइबर अपराध और यातायात नियमों पर जागरूकता

कार्यक्रम में पुलिस अधिकारियों ने साइबर अपराधों और ऑनलाइन धोखाधड़ी से बचाव के बारे में जानकारी दी। ग्रामीणों को बताया गया कि कोई भी व्यक्ति पुलिस, सीबीआई या अन्य अधिकारी बनकर फोन पर ओटीपी या पैसों की मांग करे तो सतर्क रहें और तुरंत साइबर हेल्पलाइन 1930 पर सूचना दें। यातायात प्रभारी रजनी भार्गव ने सड़क सुरक्षा और हेलमेट की अनिवार्यता पर जानकारी दी। सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के उद्देश्य से हेलमेट भी वितरित किए गए।

बड़ी संख्या में ग्रामीण और अधिकारी रहे मौजूद

कार्यक्रम के दौरान स्थानीय जनजातीय भाषा में ग्रामीणों को नशामुक्ति और शिक्षा को बढ़ावा देने की शपथ दिलाई गई। ग्रामीणों ने क्षेत्र की सुरक्षा और यातायात व्यवस्था से जुड़ी समस्याएं भी अधिकारियों के सामने रखीं। कार्यक्रम में रक्षित निरीक्षक चेतन बघेल, थाना प्रभारी रामकुमार पाटिल, महिला थाना प्रभारी सुनीता मुजाल्दा, रमेश सोलंकी, साइबर एक्सपर्ट रितेश खत्री, संजय शर्मा, धनेश्वर पाटिल, विक्रम जमरे, गजानंद डावर सहित पुलिस बल, गायत्री परिवार के सदस्य और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

 

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!