सेंधवा शहर पुलिस की कार्रवाई, मोबाइल झपटमारी में चार आरोपी पकड़े
झपटमारी में छीना गया 24 हजार का मोबाइल और वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल जब्त, मोबाइल खरीदने और लॉक तोड़ने वाला भी आरोपी

सेंधवा शहर में हुई मोबाइल झपटमारी की घटना का थाना सेंधवा शहर पुलिस ने खुलासा करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों से 24 हजार रुपये का छीना गया मोबाइल और वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल जब्त की गई है।
झपटमारी की घटना और अपराध पंजीबद्ध
फरियादी ने थाना सेंधवा शहर पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई कि 10 जनवरी 2026 को वह मनसा माता मंदिर, सेंधवा के पास खड़े होकर मोबाइल पर बातचीत कर रहा था। इसी दौरान दो अज्ञात मोटरसाइकिल सवार वहां पहुंचे और फरियादी का सैमसंग कंपनी का मोबाइल, जिसकी कीमत 24 हजार रुपये थी, छीनकर फरार हो गए। इस पर थाना सेंधवा शहर में धारा 304(2) ठछै के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई।
जिला बड़वानी में पुलिस अधीक्षक जगदीश डावर के निर्देशन में ऑपरेशन हवालात के अंतर्गत चोरी, नकबजनी, लूट और डकैती की घटनाओं पर रोकथाम के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में थाना प्रभारी सेंधवा शहर निरीक्षक बलजीत सिंह बिसेन ने अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक धीरज बब्बर एवं एसडीओपी सेंधवा अजय वाघमारे के मार्गदर्शन में एक विशेष टीम गठित की।
आरोपियों की गिरफ्तारी
पुलिस टीम ने घटनास्थल के आसपास करीब 100 से अधिक सीसीटीवी कैमरों का अवलोकन कर साक्ष्य संकलित किए। जांच के दौरान एक बाल अपचारी को पकड़ा गया, जिसने पूछताछ में चोरी गया मोबाइल 6 हजार रुपये में रविन्द्र पिता शोभाराम जाधव निवासी ग्राम दीवानिया और एक अन्य बाल अपचारी को बेचना बताया। आगे पूछताछ में मोबाइल लॉक तोड़ने के लिए वंश मोबाइल, सेंधवा के सुनिल पिता बसंत अग्रवाल का नाम सामने आया।
पुलिस ने रविन्द्र पिता शोभाराम जाधव उम्र 19 वर्ष निवासी ग्राम दीवानिया थाना सेंधवा ग्रामीण, दो बाल अपचारियों तथा सुनिल पिता बसंत अग्रवाल उम्र 34 वर्ष निवासी खलवाड़ी मोहल्ला सेंधवा को गिरफ्तार किया। आरोपियों के कब्जे से छीना गया मोबाइल और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल जब्त की गई।



