खरगोन-बड़वानीमुख्य खबरेसेंधवा

वरला में तीन देसी पिस्टल के साथ सिकलीगर गिरफ्तार, हथियार बनाने का सामान भी जब्त

रंजनगांव रोड पर घेराबंदी कर की कार्रवाई, अवैध हथियारों के नेटवर्क की जांच में जुटी पुलिस

जनोदय पंच। बड़वानी जिले के वरला थाना पुलिस ने अवैध हथियारों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को तीन देसी पिस्टल और हथियार बनाने में प्रयुक्त सामग्री के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर पुलिस उसके नेटवर्क और हथियारों के निर्माण स्थल की जांच कर रही है।

मुखबिर की सूचना पर की गई कार्रवाई

पुलिस महानिरीक्षक ग्रामीण जोन, इंदौर के निर्देशानुसार जिले में अवैध हथियार, मादक पदार्थ, अवैध शराब तथा अन्य आपराधिक गतिविधियों के विरुद्ध अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक पद्मविलोचन शुक्ल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक धीरज बब्बर तथा एसडीओपी सेंधवा अजय वाघमारे के मार्गदर्शन में थाना वरला पुलिस ने अवैध हथियारों के कारोबार के विरुद्ध कार्रवाई की। थाना प्रभारी वरला निरीक्षक नारायण रावल के नेतृत्व में 19 जुलाई 2026 को भ्रमण के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि ग्राम उमर्टी का एक व्यक्ति रंजनगांव रोड की ओर अवैध हथियार बेचने की नीयत से घूम रहा है।

घेराबंदी कर आरोपी को किया गिरफ्तार

सूचना मिलने पर सहायक उप निरीक्षक महेंद्र सिंह चौहान, प्रधान आरक्षक अनिल सोलंकी तथा पुलिस टीम ने बताए गए स्थान पर घेराबंदी की। पुलिस को देखकर संदिग्ध व्यक्ति भागने लगा, जिसे पीछा कर अनेक नदी के किनारे स्थित नाले के पास पकड़ लिया गया। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम हरजीत सिंह पिता सुधान सिंह सिकलीगर, निवासी ग्राम उमर्टी, थाना वरला बताया।

तीन पिस्टल और हथियार बनाने की सामग्री बरामद

तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से तीन अवैध देसी पिस्टल बरामद की गईं, जिनकी अनुमानित कीमत लगभग 75 हजार रुपये बताई गई है। इसके अलावा अवैध हथियार बनाने में प्रयुक्त सामग्री एवं उपकरण भी जब्त किए गए। पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध थाना वरला में अपराध क्रमांक 171/2026 के तहत धारा 25, 3 एवं 5 आर्म्स एक्ट के अंतर्गत प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू की है। आरोपी को न्यायालय में प्रस्तुत किया गया।

नेटवर्क की जांच जारी

पुलिस अब यह जांच कर रही है कि आरोपी अवैध हथियार कहां तैयार करता था और उन्हें किन लोगों को बेचता था। मामले में अन्य संभावित आरोपियों एवं नेटवर्क की भी जांच की जा रही है। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी वरला निरीक्षक नारायण रावल, सहायक उप निरीक्षक महेंद्र सिंह चौहान, प्रधान आरक्षक अनिल सोलंकी, आरक्षक अरविंद तथा आरक्षक मयंक की भूमिका रही। पुलिस ने लोगों से अवैध हथियारों अथवा अन्य आपराधिक गतिविधियों की जानकारी मिलने पर तत्काल सूचना देने की अपील की है और पहचान गोपनीय रखने की बात कही है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!