बड़वानी कोतवाली में एसपी पद्मविलोचन शुक्ल का आकस्मिक निरीक्षण, क्यूआर कोड व्यवस्था बनी आकर्षण
एसपी ने लंबित प्रकरणों की समीक्षा कर दिए त्वरित निराकरण के निर्देश, नवाचार को बताया महत्वपूर्ण पहल

जनोदय पंच। बड़वानी पुलिस अधीक्षक पद्मविलोचन शुक्ल ने थाना कोतवाली का आकस्मिक निरीक्षण कर लंबित प्रकरणों की समीक्षा की। इस दौरान थाना कोतवाली द्वारा विकसित क्यूआर कोड आधारित व्यवस्था का प्रदर्शन किया गया, जिससे वाहनों, आर्म्स और थाना तैनाती की जानकारी तत्काल प्राप्त की जा सकेगी।
थाना कोतवाली का आकस्मिक निरीक्षण, व्यवस्थाओं का लिया जायजा
बड़वानी। पुलिस मुख्यालय भोपाल द्वारा लावारिस एवं जप्त वाहनों तथा जप्तशुदा शराब के निराकरण के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस अधीक्षक पद्मविलोचन शुक्ल ने 8 जून 2026 को थाना कोतवाली बड़वानी का आकस्मिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान थाना परिसर, मालखाना, अभिलेखों और प्रशासनिक व्यवस्थाओं का अवलोकन किया गया। साथ ही लंबित अपराध, चालान, मर्ग, शिकायतों और सीएम हेल्पलाइन प्रकरणों की समीक्षा कर उनके त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

क्यूआर कोड स्कैन करते ही मिलेगी महत्वपूर्ण जानकारी
निरीक्षण के दौरान थाना कोतवाली बड़वानी द्वारा विकसित क्यूआर कोड आधारित व्यवस्था का प्रदर्शन भी किया गया। इस नवाचार के माध्यम से क्यूआर कोड स्कैन करते ही थाना परिसर में रखे लावारिस एवं जप्त वाहनों, कोत में रखे आर्म्स तथा थाना तैनाती संबंधी संपूर्ण जानकारी तत्काल उपलब्ध हो सकेगी। यह व्यवस्था अभिलेखों के बेहतर संधारण, जानकारी के त्वरित सत्यापन और कार्यों में पारदर्शिता सुनिश्चित करने में सहायक होगी।
नवाचारी पहल की सराहना, कर्मचारियों की समस्याएं भी सुनीं
पुलिस अधीक्षक पद्मविलोचन शुक्ल ने थाना कोतवाली की इस पहल की सराहना करते हुए इसे पुलिस कार्यप्रणाली को अधिक सुव्यवस्थित, प्रभावी और तकनीक आधारित बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण प्रयास बताया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को व्यवस्था का प्रभावी उपयोग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों से चर्चा कर उनकी समस्याएं भी सुनी गईं तथा आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया गया। इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक धीरज बब्बर, एसडीओपी बड़वानी महेश सुनैया, थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक बलजितसिंह बिसेन तथा समस्त थाना स्टाफ उपस्थित रहा।



