बड़वानी में नशा मुक्त भारत अभियान के तहत जिला स्तरीय एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम संपन्न
120 मास्टर ट्रेनर्स और वॉलेंटियर्स को दिया गया प्रशिक्षण,वाल्मी भोपाल के सहयोग से हुआ आयोजन, प्रतिभागियों को बांटे गए प्रमाण पत्र

बड़वानी; सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग द्वारा नशा मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत आज जिला स्तरीय एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कलेक्टर श्रीमती जयति सिंह के मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य समाज को नशा मुक्ति के प्रति जागरूक करना और जिला स्तर पर मजबूत वॉलेंटियर्स की टीम तैयार करना है।

इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में जिला स्तर के विभिन्न शासकीय विभागों के कर्मचारियों सहित गायत्री परिवार, स्वयंसेवी संस्थाओं (एनजीओ) और राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। कार्यक्रम में कुल 120 प्रशिक्षणार्थियों का पंजीयन किया गया, जिन्होंने जिला स्तरीय मास्टर ट्रेनर्स और वॉलेंटियर्स के रूप में प्रशिक्षण प्राप्त किया।
उक्त प्रशिक्षण म.प्र. जल एवं भूमि प्रबंध संस्थान (वाल्मी), भोपाल के सहयोग से प्रदान किया गया। राज्य स्तरीय मास्टर ट्रेनर श्री रजत नागदा ने उपस्थित प्रतिभागियों को नशा मुक्ति अभियान को जमीनी स्तर पर प्रभावी बनाने के गुर सिखाए। वाल्मी विभाग भोपाल से श्री जय कुमार गुप्ता विशेष रूप से उपस्थित रहे और अपने विचार साझा किए।

कार्यक्रम की अध्यक्षता जनपद पंचायत बड़वानी के सीईओ श्री एम. एल. काग एवं उप संचालक श्री रोनक सोलंकी ने की। अतिथियों द्वारा प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले सभी 120 प्रतिभागियों को उज्जवल भविष्य की शुभकामनाओं के साथ प्रमाण पत्र प्रदान किए गए।



