खरगोन-बड़वानीअपराधमुख्य खबरे

जुलवानिया में मंगलनाथ हनुमान मंदिर चोरी का खुलासा, महाराष्ट्र से आरोपी गिरफ्तार, चोरी का सामान बरामद

100 गांवों में सघन पतारसी और सैकड़ों CCTV फुटेज खंगालने के बाद पुलिस को मिली सफलता

जनोदय पंच। जुलवानिया के प्रसिद्ध मंगलनाथ हनुमान मंदिर में हुई चोरी का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। पुलिस ने महाराष्ट्र के संभाजी नगर से एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की निशानदेही पर चोरी का गल्ला और सफेद पंखा बरामद किया गया है, जबकि सह-आरोपी की तलाश जारी है।

ताला तोड़कर मंदिर में की गई थी चोरी

थाना जुलवानिया क्षेत्र के प्रसिद्ध मंगलनाथ हनुमान मंदिर में 13 अगस्त 2026 की रात 11:37 बजे से 14 अगस्त की सुबह 6:30 बजे के बीच अज्ञात बदमाशों ने ताला तोड़कर चोरी की थी। आरोपी मंदिर से दानपात्र की नकदी, एक गल्ला और सफेद रंग का पंखा ले गए थे। चोरी किए गए सामान की कुल अनुमानित कीमत 15 हजार रुपए बताई गई। मामले में थाना जुलवानिया में अपराध क्रमांक 213/2026, धारा 305(डी), 331(4) बीएनएस (2023) के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई।

एसपी ने घोषित किया था पांच हजार रुपए का इनाम

घटना की गंभीरता और जनआस्था से जुड़े स्थल पर हुई चोरी को देखते हुए पुलिस अधीक्षक बड़वानी श्री पद्मविलोचन शुक्ल द्वारा अज्ञात बदमाशों की गिरफ्तारी और सूचना देने पर 5 हजार रुपए के इनाम की उद्घोषणा की गई थी। इसके बाद वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी जुलवानिया निरीक्षक सौरभ बाथम के नेतृत्व में विशेष पुलिस टीमों का गठन किया गया।

100 गांवों में पहुंची पुलिस, CCTV से तैयार किया रूट चार्ट

बड़वानी की फिंगरप्रिंट और साइबर सेल टीम ने घटनास्थल का सूक्ष्म निरीक्षण कर महत्वपूर्ण सुराग जुटाए। पुलिस ने जुलवानिया, राजपुर, पलसूद और बड़वानी क्षेत्र के सैकड़ों CCTV कैमरों के फुटेज खंगाले और संदिग्ध का संभावित रूट चार्ट तैयार किया। इसके साथ ही पुलिस टीम ने आसपास के करीब 100 गांवों में सघन जनसंपर्क किया। सरपंचों, ग्रामीणों और दुकानदारों को संदिग्ध के पोस्टर दिखाकर उसकी पहचान स्थापित करने का प्रयास किया गया।

संभाजी नगर से आरोपी गिरफ्तार, चोरी का सामान बरामद

सक्रिय मुखबिर तंत्र से मिली सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने संभाजी नगर (औरंगाबाद), महाराष्ट्र के कंचनवाड़ी क्षेत्र में दबिश दी। यहां से कैलाश पिता पाचिया बामनिया, उम्र 45 वर्ष, निवासी सालखेड़ा, जिला अलीराजपुर को हिरासत में लिया गया। पूछताछ में आरोपी ने अपने एक अन्य साथी के साथ मंदिर में चोरी करना स्वीकार किया। उसकी निशानदेही पर जुलवानिया-बैड़ी क्षेत्र की झाड़ियों में छिपाकर रखा चोरी का गल्ला/पेटी और सफेद पंखा विधिवत जप्त किया गया। मामले में शामिल सह-आरोपी की तलाश जारी है।

इन पुलिसकर्मियों की रही सराहनीय भूमिका

कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक सौरभ बाथम, सउनि सतीश डावर, प्र.आर. 564 जयेश बरुआ, आर. 508 अश्विन पाटीदार की मुख्य भूमिका रही। सायबर सेल से उनि रितेश खत्री और प्र.आर. 180 योगेश पाटील तथा फिंगरप्रिंट टीम से उनि नयन पाटील ने सहयोग किया। सहयोगी टीम में उनि कमल मीणा, सउनि राजेश नैय्यर, सीताराम भटनागर, प्र.आर. 314 कमल डावर, प्र.आर. 49 संदीप परमार, आर. 412 संजय पंवार, आर. 371 केरुसिंह मोरी, आर. 501 आशिष जमरे, आर. 73 सुनील करोले, म.आर. 426 प्रीति मोरे एवं चा.आर. 533 सुनील वर्मा शामिल रहे।

 

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!