मुख्य खबरेअपराधमध्यप्रदेशसेंधवा
सेंधवा के पिपलिया डेब में युवक की हत्या के बाद बवाल, गुस्साए ग्रामीणों ने आरोपियों के घरों में आगजनी की
हत्या से भड़के आक्रोश के बीच पुलिस ने हालात संभाले, दोनों पक्षों पर केस दर्ज, गांव में गश्त जारी


सेंधवा के ग्राम पिपलिया डेब में 25 वर्षीय युवक मनोज की हत्या के बाद इलाके में तनाव का माहौल बन गया। घटना के बाद परिजन और ग्रामीणों में भारी आक्रोश देखने को मिला। हालात बिगड़ते देख पुलिस बल मौके पर पहुंचा और स्थिति को नियंत्रित किया।
बताया जा रहा है कि मनोज बुधवार रात अपने साथियों के साथ ग्राम सोलवन में एक शादी समारोह में गया था। लौटते समय आरोपी मीठा, धरम, गुड्डा एवं अन्य साथियों ने बीच रास्ते उन्हें रोक लिया। मनोज के साथी किसी तरह मौके से भाग निकले, लेकिन आरोपी मनोज को अपने साथ ले गए।
जानकारी के मुताबिक आरोपियों ने मनोज को पशु बांधने की जगह पर ले जाकर पूरी रात बेरहमी से पीटा। बाद में उसे तड़पती हालत में कोलखेड़ा फाटे के पास फेंक दिया। गुरुवार सुबह ग्रामीणों ने उसे देखा और तुरंत अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया।
अपहरण और हत्या की खबर मिलते ही गांव में आक्रोश फैल गया। परिजन और ग्रामीण एकत्र होकर आरोपियों के घर पहुंचे और तोड़फोड़ शुरू कर दी। इस दौरान 5 से 6 मकानों में आग लगा दी गई, जिससे पशु चारा और घरेलू सामान जलकर खाक हो गया।
सूचना मिलते ही नगर पालिका के दो फायर ब्रिगेड वाहन मौके पर पहुंचे, लेकिन उग्र भीड़ ने उन पर भी पथराव किया। स्थिति बिगड़ने पर पुलिस ने मोर्चा संभाला, जिसके बाद फायर ब्रिगेड आग बुझाने में सफल रही।
पुलिस ने दोनों पक्षों पर केस दर्ज कर लिया है। पुलिस अधिकारी ने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीमें गठित कर ली गई है। गांव में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए लगातार गश्त की जा रही है और ग्रामीणों से शांति बनाए रखने की अपील की जा रही है।