मध्य प्रदेश में मौसम का डबल अटैक, भोपाल-इंदौर में तेज गर्मी तो 8 जिलों में आंधी-बारिश अलर्ट
प्रदेश में टर्फ और साइक्लोनिक सर्कुलेशन एक्टिव होने से कई जिलों में मौसम बदला, 12 मई से लू चलने की चेतावनी जारी।

जनोदय पंच। मध्य प्रदेश में सोमवार को भी मौसम का असर दोहरा बना रहेगा। मंडला, सिवनी समेत 8 जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट जारी किया गया है, जबकि भोपाल, इंदौर और उज्जैन संभाग में तेज गर्मी पड़ने की संभावना है। रतलाम में रविवार को सीजन का सर्वाधिक 45.5 डिग्री तापमान दर्ज हुआ।
मौसम सिस्टम एक्टिव, कई जिलों में आंधी-बारिश अलर्ट
मौसम विभाग के अनुसार, प्रदेश में दो टर्फ और एक साइक्लोनिक सर्कुलेशन एक्टिव होने से सोमवार को बैतूल, छिंदवाड़ा, पांढुर्णा, सिवनी, बालाघाट, मंडला, डिंडौरी और अनूपपुर में 30 से 40 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से आंधी और बारिश का अनुमान है। रविवार को भी इंदौर, भोपाल, नर्मदापुरम, सागर, जबलपुर और शहडोल संभाग के 18 जिलों में मौसम बदला रहा। कई स्थानों पर बादल छाए रहे और बूंदाबांदी हुई।
कई शहरों में बढ़ा तापमान, रतलाम सबसे गर्म
मौसम विभाग के मुताबिक भोपाल, इंदौर, उज्जैन, रतलाम, राजगढ़, नीमच, मंदसौर, छतरपुर, भिंड, मुरैना, श्योपुर, दतिया, शिवपुरी, अशोकनगर और शाजापुर में तेज गर्मी का असर रहेगा। रविवार को रतलाम में 45.5 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। शाजापुर में 44 डिग्री, धार में 42.4 डिग्री, खंडवा में 42.1 डिग्री और नर्मदापुरम में 42 डिग्री तापमान रिकॉर्ड हुआ। उज्जैन में 42.4 डिग्री, भोपाल में 40.4 डिग्री और इंदौर में 41.9 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।
12 मई से लू का अलर्ट
मौसम विभाग ने 12 मई से प्रदेश में हीट वेव यानी लू का अलर्ट जारी किया है। इंदौर और उज्जैन संभाग के जिलों में लू चलने की संभावना जताई गई है। प्रदेश में 30 अप्रैल से लगातार मौसम में बदलाव का दौर जारी है। 10 मई तक अलग-अलग सिस्टम के प्रभाव से कई जिलों में बारिश और आंधी का असर बना रहा।



