सेंधवा। अग्रवाल समाज की नई कार्यकारणी गठन हेतु चुनाव कार्यक्रम घोषित

सेंधवा। अग्रवाल समाज की नई कार्यकारणी के गठन हेतु निर्वाचन समिति द्वारा चुनाव कार्यक्रम की घोषणा कर दी गई है। साथ ही समाज की मतदाता सूची का दावा-आपत्ति के बाद अंतिम प्रकाशन भी सोमवार शाम 4 बजे श्री सत्यनारायण मंदिर पर किया गया। निर्वाचन समिति के सदस्य सुनील अग्रवाल एवं हेमंत गर्ग ने जानकारी देते हुए बताया कि समाज की नई कार्यकारणी के गठन हेतु निर्वाचन प्रक्रिया अपनाई जा रही है तथा इसके लिए आचार संहिता भी लागू कर दी गई है।
निर्वाचन समिति द्वारा जारी कार्यक्रम अनुसार अध्यक्ष एवं सचिव पद हेतु नामांकन पत्र 14 मई से 16 मई तक प्रतिदिन सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक भरे जा सकेंगे। नामांकन पत्रों की जांच 17 मई को की जाएगी तथा वैध नामांकन पत्रों की सूची प्रकाशित की जाएगी। इसके बाद 18 मई को सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक नाम वापस लेने की प्रक्रिया संपन्न होगी तथा शेष उम्मीदवारों की अंतिम सूची का प्रकाशन किया जाएगा।
निर्वाचन समिति के अनुसार मतदान 26 मई को लायंस कम्यूनिटी हॉल, किले के अंदर आयोजित किया जाएगा। मतदान का समय सुबह 9 बजे से दोपहर 3 बजे तक रहेगा। मतदान समाप्ति के पश्चात दोपहर 4 बजे मतगणना कर परिणाम घोषित किए जाएंगे।
निर्वाचन समिति के पीरचंद मित्तल, अजय मित्तल, गोपाल तायल ने बताया कि चुनाव प्रक्रिया को पारदर्शी एवं अनुशासित बनाए रखने के लिए आचार संहिता लागू की गई है, जिसमें 27 बिंदुओं के नियम निर्धारित किए गए हैं। सभी प्रत्याशियों एवं मतदाताओं को इन नियमों का पालन करना अनिवार्य होगा। चुनाव में फिजूलखर्ची पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया गया है तथा प्रत्याशियों के लिए अधिकतम चुनाव खर्च सीमा 5000 रुपए निर्धारित की गई है।
समिति ने यह भी बताया कि मतदान प्रक्रिया में इस बार नोटा (NOTA) का विकल्प भी उपलब्ध रहेगा। इसके अतिरिक्त डाक मतपत्र की व्यवस्था भी की गई है, जिसका उपयोग मतदान के एक दिन पूर्व तक किया जा सकेगा । निर्वाचन संबंधित कार्यक्रम व आचार संहिता के नियम के पत्रक प्रत्येक समाज बंधुओ के घर भिजवाए जायेंगे । ताकि सभी को निर्वाचन के नियम व जानकारी में रहे । निर्वाचन समिति ने स्पष्ट किया कि आवश्यकतानुसार चुनाव कार्यक्रम में संशोधन करने का अधिकार समिति के पास सुरक्षित रहेगा।



