सेंधवामुख्य खबरे

सदाबहार नगमों ने बांधा समां, देर रात तक झूमते रहे संगीतप्रेमी,  ‘एक सुरमई शाम महिला संगीतकारों के नाम’ में 60, 70 एवं 80 के दशक के गीतों की शानदार प्रस्तुति

सेंधवा। दिनेश गंज एकता संगठन दारुगोदाम द्वारा गणेश उत्सव के तहत इस वर्ष महिला शक्ति को समर्पित विशेष सांस्कृतिक संध्या ‘एक सुरमई शाम महिला संगीतकारों के नाम’ का आयोजन किया गया। मंगलवार रात्रि साढ़े 8 बजे शुरू हुए इस संगीत कार्यक्रम में देश की प्रतिभाशाली महिला संगीतकारों ने 60, 70 एवं 80 के दशक के सदाबहार फिल्मी गीतों की शानदार प्रस्तुतियां दीं। मधुर नगमों की प्रस्तुतियों ने ऐसा समां बांधा कि हजारों की संख्या में श्रोता मध्यरात्रि तक कार्यक्रम का आनंद लेते रहे।

 

 


कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती के पूजन के साथ हुई। इसके बाद महिला कलाकारों ने पुराने दौर के लोकप्रिय फिल्मी गीतों की प्रस्तुतियां देकर संगीतप्रेमियों को मंत्रमुग्ध कर दिया। ‘अजीब दास्तान है ये, कहाँ शुरू कहाँ खत्म, ये मंजिलें हैं कौन सी, ना वो समझ सके ना हम’ जैसे गीतों ने श्रोताओं को भावुक कर दिया। वहीं ‘रूप तेरा मस्ताना, प्यार मेरा दीवाना, भूल कोई हमसे ना हो जाए’ और फिल्म ब्लैकमेल के सदाबहार गीत ‘पल पल दिल के पास तुम रहती हो, जीवन मीठी प्यास ये कहती हो’ जैसे गीतों पर श्रोताओं ने जमकर आनंद लिया।
पुराने दौर के मधुर नगमों की प्रस्तुतियों ने जहां बुजुर्ग एवं पुराने संगीत के प्रशंसकों की यादें ताजा कर दीं, वहीं युवाओं को भी इन गीतों ने खूब आकर्षित किया। कार्यक्रम का रंग इस कदर जमा कि बड़ी संख्या में श्रोता कार्यक्रम के अंत तक अपने स्थानों पर डटे रहे। विशेष रूप से महिला श्रोताओं की बड़ी उपस्थिति ने आयोजन को महिला प्रधान स्वरूप प्रदान किया।

महिला सशक्तिकरण को दिया संदेश
गणेश उत्सव के दौरान आयोजित इस विशेष कार्यक्रम की खास बात यह रही कि इसे पूरी तरह महिला शक्ति को समर्पित किया गया। महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आर्केस्ट्रा में शामिल महिला कलाकारों का स्वागत एवं सम्मान जिले की प्रभावशाली महिलाओं द्वारा कराया गया।
              इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष बसंती बाई यादव, जिला पंचायत सदस्य कविता विकास आर्य, नगर पालिका अध्यक्ष बड़वानी अश्विनी निक्कू चौहान, राजपुर नगर परिषद अध्यक्ष शिखा अग्रवाल, ठीकरी नगर परिषद अध्यक्ष पूजा सुमित जायसवाल, निवाली नगर परिषद अध्यक्ष तरुणा सिसोदिया, महिला मोर्चा प्रदेश उपाध्यक्ष अंजना शरद पटेल, जनपद अध्यक्ष सेंधवा लता सीताराम पटेल एवं महिला मोर्चा पूर्व जिला अध्यक्ष लक्ष्मी शर्मा ने महिला कलाकारों का स्वागत एवं सम्मान किया। नपा अध्यक्ष बसंती बाई यादव ने आर्केस्ट्रा में शामिल गायिका को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया।

हजारों श्रोताओं ने लिया संगीत का आनंद
दिनेश गंज एकता संगठन द्वारा गणेश उत्सव के अवसर पर आयोजित यह संगीत निशा नगर के संगीतप्रेमियों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रही। कार्यक्रम स्थल पर बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। जैसे-जैसे कार्यक्रम आगे बढ़ता गया, श्रोताओं की उत्सुकता और उत्साह भी बढ़ता गया। सदाबहार गीतों की प्रस्तुतियों पर श्रोताओं ने तालियों से कलाकारों का उत्साहवर्धन किया।
आयोजन में भाजपा नेता संजय यादव, विकास आर्य, अरुण चौधरी, प्रसिद्ध उद्योगपति मिंटू राजपाल, नरेंद्र तायल, चेतन अग्रवाल, राजेश सोनी, श्याम तायल, कैलाश एरन, भाजपा प्रवक्ता सुनील अग्रवाल, जयंत शर्मा, प्रखर शर्मा ‘लला’, मनोज ‘गुड्डू’ जायसवाल, संजय यादव सहित बड़ी संख्या में संगीतप्रेमी एवं गणेश उत्सव समिति के सदस्य मौजूद रहे।

                        दिनेश गंज एकता संगठन के इस आयोजन ने गणेश उत्सव को धार्मिक आयोजन के साथ-साथ सांस्कृतिक एवं सामाजिक संदेश से भी जोड़ा। महिला कलाकारों को मंच देकर और उनके सम्मान की जिम्मेदारी महिलाओं को सौंपकर आयोजन के माध्यम से महिला प्रतिभा, सम्मान और सशक्तिकरण का संदेश दिया गया। इसके पूर्व दिनेश गंज एकता संगठन दारुगोदाम के गणेश पंडाल में आरती में पूर्व गृहमंत्री बाला बच्चन के साथ सेंधवा के विधायक मोंटू सोलंकी ने गणेश पूजन कर आरती उतारी ।कार्यक्रम का संचालन अनीश शेख ने किया ।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!