बड़वानी में 10 हजार बल्क लीटर अवैध शराब नष्ट, सात थानों के मामलों में बड़ी कार्रवाई
आबकारी अधिनियम के तहत दर्ज 10 प्रकरणों में जप्त अवैध शराब को प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में नष्ट किया गया

जनोदय पंच। बड़वानी जिले के विभिन्न थानों में आबकारी अधिनियम के तहत जप्त 10 हजार बल्क लीटर अवैध शराब का अंजड़ ट्रेंचिंग ग्राउंड में विधिसम्मत नष्टीकरण किया गया। कार्रवाई कलेक्टर जयति सिंह और पुलिस अधीक्षक पद्मविलोचन शुक्ल के निर्देश पर प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों की मौजूदगी में संपन्न हुई।
सात थानों की शराब का किया नष्टीकरण
जिला बड़वानी अंतर्गत विभिन्न थानों में दर्ज आबकारी प्रकरणों में जप्त अवैध शराब का 29 मई 2026 को नगर परिषद ट्रेंचिंग ग्राउंड अंजड़ में नष्टीकरण किया गया। कलेक्टर जयति सिंह एवं पुलिस अधीक्षक पद्मविलोचन शुक्ल द्वारा जप्त अवैध शराब के शीघ्र निराकरण के निर्देश जारी किए गए थे। न्यायालयीन निर्णय के बाद कुल 10 प्रकरणों में जप्त 10 हजार बल्क लीटर शराब को नष्ट किया गया।
इन थानों की शराब हुई नष्ट
थाना अंजड़ के 1 प्रकरण में 60 लीटर, सेंधवा ग्रामीण के 3 प्रकरणों में 516 लीटर, वरला के 1 प्रकरण में 320 लीटर, बड़वानी के 1 प्रकरण में 94.700 लीटर, खेतीया के 2 प्रकरणों में 1235 लीटर, जुलवानिया के 1 प्रकरण में 5382 लीटर तथा नागलवाड़ी के 1 प्रकरण में 2397.24 लीटर शराब का नष्टीकरण किया गया।
अधिकारियों की मौजूदगी में हुई कार्रवाई
कार्यवाही के दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक धीरज बब्बर, डिप्टी कलेक्टर शक्तिसिंह चौहान, जिला आबकारी अधिकारी आर.सी. बारोड, एसडीओपी राजपुर आयुष अलावा, एसडीओपी सेंधवा अजय वाघमारे, थाना प्रभारी रेवाराम चौहान, ओमप्रकाश चोगंड, नारायण रावल, बलजीत बिसेन, सुरेंद्र कनेश, रामेश्वर पाटील एवं उप निरीक्षक सीताराम भटनागर उपस्थित रहे। बड़वानी पुलिस ने अवैध शराब के खिलाफ अभियान लगातार जारी रखने की बात कही।



