सेंधवामुख्य खबरे

सेंधवा में नीट पेपर लीक और महंगाई को लेकर महिला कांग्रेस का धरना, राष्ट्रपति के नाम सौंपा ज्ञापन

विधायक कार्यालय के बाहर धरना, एसडीएम कार्यालय पहुंचकर सौंपा ज्ञापन, किला रोड पर किया पुतला दहन

जनोदय पंच। सेंधवा में जिला महिला कांग्रेस ने नीट पेपर लीक, महंगाई और बेरोजगारी के मुद्दे पर विधायक कार्यालय के बाहर धरना प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के बाद कांग्रेस नेताओं ने एसडीएम आशीष को राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा और किला रोड पर महंगाई का पुतला दहन किया।

नीट पेपर लीक को लेकर किया प्रदर्शन

सेंधवा में नीट पेपर लीक मामले को लेकर जिला महिला कांग्रेस द्वारा विधायक कार्यालय के बाहर धरना प्रदर्शन किया गया। धरने को जिला कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष सुखलाल परमार ने संबोधित किया। इसके बाद कांग्रेस नेता नारेबाजी करते हुए एसडीएम कार्यालय पहुंचे, जहां एसडीएम आशीष को महामहिम राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन में कहा गया कि हाल ही में नीट परीक्षा पेपर लीक होने की घटना में लाखों रुपये के लेनदेन और भ्रष्टाचार का मामला सामने आया है। पेपर लीक होने से देश एक बार फिर शर्मसार हुआ है तथा राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी के अधिकारियों की संलिप्तता के सबूत मिलने की बात भी कही गई। ज्ञापन में कोचिंग सेंटर संचालकों और अन्य शिक्षकों के शामिल होने का भी उल्लेख किया गया।

महंगाई और बेरोजगारी पर उठाए सवाल

ज्ञापन में कहा गया कि 22 लाख छात्रों का भविष्य अंधकार में है। पहले से ही देश में बेरोजगारी की स्थिति बनी हुई है और अब पेपर लीक की घटनाओं ने छात्रों की चिंता बढ़ा दी है। कांग्रेस नेताओं ने मध्यप्रदेश के व्यापम घोटाले का भी उल्लेख किया। प्रदर्शन के दौरान डीजल, पेट्रोल और गैस की बढ़ती कीमतों को लेकर भी सरकार पर निशाना साधा गया। ज्ञापन में कहा गया कि 15 मई और 19 मई को डीजल-पेट्रोल के दाम बढ़ने से आम वस्तुओं की कीमतों में भी वृद्धि हुई है, जिससे आम आदमी परेशान है। महिलाओं के खिलाफ बढ़ते उत्पीड़न और छेड़छाड़ के मामलों का भी उल्लेख किया गया।

किला रोड पर जलाया महंगाई का पुतला

कांग्रेस नेताओं ने ज्ञापन में मांग की कि नीट पेपर लीक के सभी दोषियों को गिरफ्तार कर कड़ी से कड़ी सजा दी जाए। इसके बाद किला रोड पर महंगाई का पुतला दहन किया गया। इस दौरान सुखलाल परमार, महिला कांग्रेस नेत्री उषा सैनी, शिवकुमारी यादव, ब्लॉक शहर कांग्रेस अध्यक्ष राजेंद्र गाडवे, इकबाल शाह, कैलाश मालवीय, मंगा तायडे, निजाम खान, किशन शर्मा, एनएसयूआई अध्यक्ष किशन शर्मा, संजय गुप्ता, दुरसिंह किराड़े, मोहन सिंह सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

 

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!