सेंधवामुख्य खबरे

सेंधवा में गणेश चल समारोह से पहले आयोजकों की बैठक, पुलिस ने समय-सीमा और सुरक्षा को लेकर दिए सख्त निर्देश

गणेश चतुर्थी उत्सव को लेकर सेंधवा शहर थाना परिसर में बैठक, साउंड वाहनों की फिटनेस, बीमा और चालकों के लाइसेंस सहित कई व्यवस्थाओं पर निर्देश।

जनोदय पंच। सेंधवा में आगामी गणेश चतुर्थी उत्सव और चल समारोह को लेकर आयोजकों की बैठक हुई। अधिकारियों ने शोभायात्रा को शांतिपूर्ण और व्यवस्थित रखने के लिए समय-सीमा, स्वास्थ्य, सुरक्षा, साउंड वाहनों और अनुशासन से जुड़े आवश्यक निर्देश दिए।

पुलिस अधीक्षक बड़वानी पद्मविलोचन शुक्ल के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक धीरज बब्बर तथा एसडीओपी सेंधवा अजय वाघमारे के मार्गदर्शन में सेंधवा शहर थाना परिसर में झांकी आयोजकों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में तहसीलदार हितेन्द्र भवसार, थाना प्रभारी दिनेश सिंह कुशवाह, सीएमओ मधु चौधरी, विद्युत विभाग के कर्मचारी और चलित झांकियां निकालने वाले सभी आयोजक मौजूद रहे।

रात 10 बजे शुरू हो शोभायात्रा

एसडीओपी अजय वाघमारे ने निर्देश दिए कि शोभायात्रा रात 10 बजे अनिवार्य रूप से शुरू हो जाए, ताकि सुबह 7 बजे तक मुख्य शोभायात्रा मोती बाग चौक पहुंचे। तहसीलदार हितेन्द्र भवसार ने भी आयोजकों से समय-सीमा का पालन करने और व्यवस्था बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करने की अपील की।

गुलाल और नशे को लेकर निर्देश

शोभायात्रा के दौरान गुलाल के अत्यधिक प्रयोग से बचने और नशे से पूरी तरह दूर रहने की अपील की गई। अधिकारियों ने आगामी त्यौहार को शांतिपूर्ण, व्यवस्थित और भाईचारे के साथ संपन्न कराने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

साउंड वाहनों की सुरक्षा पर जोर

थाना प्रभारी दिनेश सिंह कुशवाह ने निर्देश दिए कि साउंड वाहन या गाड़ियों का फिटनेस सर्टिफिकेट और बीमा होना जरूरी है। चालक के पास वैध ड्राइविंग लाइसेंस होना चाहिए। किसी भी आपात स्थिति के लिए एक वैकल्पिक चालक की व्यवस्था भी रखने के निर्देश दिए गए। साउंड गाड़ियों के ऊपर किसी भी व्यक्ति के चढ़ने पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा।

आपत्तिजनक नारेबाजी और घातक सामग्री पर रोक

चल समारोह के दौरान किसी भी प्रकार की आपत्तिजनक नारेबाजी नहीं करने के निर्देश दिए गए। साथ ही बेसबॉल के डंडे, हाथ के नुकीले कड़े अथवा किसी भी प्रकार की घातक सामग्री रखने पर सख्त पाबंदी रहेगी। बैठक के अंत में सभी आयोजकों ने पुलिस और नगर प्रशासन के निर्देशों का पालन करते हुए गणेश उत्सव शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाने का भरोसा दिलाया।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!