पानसेमल के पुरुषखेड़ा में 36 परिवारों को मिली आवासीय जमीन की रजिस्ट्री, विधायक श्याम बरडे ने सौंपे अधिकार अभिलेख
स्वामित्व योजना के तहत निःशुल्क वितरित किए दस्तावेज, विधायक बोले- ग्रामीणों को उनके मकान और जमीन का मिलेगा कानूनी अधिकार

रमन बोरखड़े। पानसेमल। स्वामित्व योजना के तहत ग्रामीण परिवारों को आवासीय संपत्ति का कानूनी स्वामित्व देने की पहल की जा रही है। इसी क्रम में 36 हितग्राहियों को उनके आवासीय भूखंडों के अधिकार अभिलेख वितरित किए गए। इससे संपत्ति संबंधी अधिकारों की सुरक्षा और आर्थिक सशक्तिकरण में मदद मिलेगी।
विधायक श्याम बरडे ने 36 हितग्राहियों को सौंपी रजिस्ट्री
पानसेमल विधायक श्याम बरडे ने शुक्रवार को जनपद पंचायत निवाली के ग्राम पुरुषखेड़ा में स्वामित्व योजना के अंतर्गत 36 हितग्राहियों को उनकी आवासीय भूमि के अधिकार अभिलेख (रजिस्ट्री) वितरित किए। योजना के माध्यम से ग्रामीण परिवारों को उनकी आवासीय संपत्ति का कानूनी स्वामित्व प्राप्त हो रहा है। इससे संपत्ति संबंधी अधिकारों की सुरक्षा, आर्थिक सशक्तिकरण और ग्रामीणों को आत्मनिर्भर बनाने में सहायता मिलेगी।

वर्षों से निवास कर रहे परिवारों को मिली अधिकारों की कानूनी पहचान
इस अवसर पर विधायक श्याम बरडे ने कहा कि यह केवल दस्तावेजों का वितरण नहीं, बल्कि वर्षों से अपनी जमीन और मकान पर निवास कर रहे परिवारों को उनके अधिकारों की कानूनी पहचान दिलाने की ऐतिहासिक पहल है।
उन्होंने कहा कि इस योजना के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों के नागरिकों को उनकी संपत्ति का स्वामित्व प्रमाण-पत्र मिल रहा है। इससे उन्हें संपत्ति संबंधी विवादों से मुक्ति, आर्थिक सुरक्षा और आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा।

केंद्र और प्रदेश सरकार के संकल्प का हिस्सा है योजना
विधायक ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के मार्गदर्शन में केंद्र एवं प्रदेश सरकार का संकल्प है कि हर पात्र परिवार को उसका अधिकार मिले, हर नागरिक का सम्मान सुरक्षित रहे और विकास की मुख्यधारा में कोई भी पीछे न छूटे। उन्होंने कहा कि निःशुल्क रजिस्ट्री वितरण का यह प्रयास जनकल्याण, सुशासन और गरीब कल्याण के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता का प्रमाण है।



