सेंधवा के नारायणदास अस्पताल में अत्याधुनिक सीटी स्कैन सुविधा शुरू, अब जांच के लिए बड़े शहरों की दौड़ होगी कम
मां अंबिका डायग्नोस्टिक सेंटर के सहयोग से शुरू हुई सुविधा, आदिवासी क्षेत्र के मरीजों को स्थानीय स्तर पर मिलेगी जांच की सुविधा

रमन बोरखड़े। जनोदय पंच। सेंधवा के श्री नारायणदास जी हॉस्पिटल में शुक्रवार को अत्याधुनिक सीटी स्कैन सुविधा का शुभारंभ किया गया। मां अंबिका डायग्नोस्टिक सेंटर द्वारा शुरू की गई इस सुविधा से सेंधवा और आसपास के क्षेत्र के लोगों को सीटी स्कैन जांच के लिए बड़े शहरों में जाने की जरूरत कम होगी।
पूजन के बाद अतिथियों ने किया शुभारंभ
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पूज्य बालिपुर गुरुजी श्री योगेश जी बालिपुर सरकार, मां अंबिका बालिपुर आश्रम उपस्थित रहे। वहीं विशिष्ट अतिथि के रूप में नगर पालिका अध्यक्ष सेंधवा श्रीमती बसंती बाई यादव और भारतीय जनता पार्टी जिला बड़वानी के जिला महामंत्री विकास आर्य शामिल हुए।
कार्यक्रम की शुरुआत में नारायणदास हॉस्पिटल सेंधवा के अध्यक्ष अजय मित्तल, समाजसेवी संजय यादव और अन्य ट्रस्टियों ने गुरुजी सहित अतिथियों का पुष्पमालाओं से स्वागत किया। इसके बाद विधिवत पूजन कर सीटी स्कैन सुविधा का शुभारंभ किया गया।

क्षेत्रवासियों को बेहतर चिकित्सा उपलब्ध कराना उद्देश्य : अजय मित्तल
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए ट्रस्ट अध्यक्ष अजय मित्तल ने कहा कि नारायणदास हॉस्पिटल क्षेत्र और आसपास के निवासियों को उच्च एवं गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयास कर रहा है। इससे पहले अस्पताल की ओर से आईसीयू सुविधा युक्त एम्बुलेंस शुरू की गई थी और अब सर्वसुविधायुक्त सीटी स्कैन सुविधा शुरू की गई है।
उन्होंने कहा कि अस्पताल आगे भी अन्य उच्च चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रयास करता रहेगा, ताकि क्षेत्र और आसपास के निवासियों को इलाज के लिए बड़े शहरों में नहीं जाना पड़े और उन्हें स्थानीय स्तर पर ही गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा मिल सके।

बड़े शहरों में जाने से बचेगा समय और पैसा : विकास आर्य
भारतीय जनता पार्टी जिला बड़वानी के जिला महामंत्री विकास आर्य ने सेंधवा में सीटी स्कैन सुविधा शुरू करने के लिए नारायणदास हॉस्पिटल का आभार जताया। उन्होंने कहा कि अब इस आदिवासी क्षेत्र के लोगों को सीटी स्कैन कराने के लिए बड़े शहरों में नहीं जाना पड़ेगा। इससे लोगों के समय और पैसे की बचत होगी। जांच में समस्या का जल्द पता चलने से मरीजों को समय पर उचित उपचार मिल सकेगा और कई गंभीर मरीजों की जान बचाने में भी मदद मिलेगी।

लोकेश पाटीदार और जीशान मंसूरी ने दी मशीन की जानकारी
मां अंबिका डायग्नोस्टिक सेंटर के लोकेश पाटीदार और नारायणदास हॉस्पिटल के वरिष्ठ चिकित्सक जीशान मंसूरी ने सीटी स्कैन मशीन और उससे जुड़ी सुविधाओं की विस्तार से जानकारी दी।
कार्यक्रम में नारायणदास हॉस्पिटल के अध्यक्ष अजय मित्तल, समाजसेवी संजय यादव, ट्रस्ट सदस्य श्याम सुंदर तायल, गोवर्धन तायल, राजेंद्र कुमार शर्मा, राजेश जोशी, गिरवर दयाल शर्मा और दीपक गोयल सहित शहर के चिकित्सक, गणमान्य नागरिक, अस्पताल के चिकित्सक और कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन श्यामसुंदर तायल और राजेश रघुवंशी ने किया।



