बड़वानी के शिवकुंज में योगा ग्रुप ने चलाया स्वच्छता अभियान, पर्यटकों से कचरा नहीं फैलाने की अपील
दीपावली से पहले पर्यटन स्थल की सफाई कर कचरे का किया निपटान, पटाखे नहीं जलाने का भी किया आग्रह

जनोदय पंच। दीपावली के अवसर पर शिवकुंज योगा ग्रुप आशाग्राम के सदस्यों ने पर्यटन स्थल पर विशेष स्वच्छता अभियान चलाया। सदस्यों ने परिसर के विभिन्न स्थानों से कचरा एकत्रित कर उसका समुचित निपटान किया। साथ ही पर्यटकों से स्वच्छता बनाए रखने और पटाखों का उपयोग नहीं करने की अपील की।
नियमित गतिविधि के तहत चलाया विशेष अभियान
शिवकुंज योगा ग्रुप के हीरा यादव, लव कुमरावत, दीपक अग्रवाल और संदीप मुकाती ने बताया कि पर्यावरण संरक्षण और पर्यटन स्थल की स्वच्छता के लिए ग्रुप नियमित रूप से कार्य करता है। दीपावली के अवसर पर विशेष अभियान चलाकर शिवकुंज के सभी हिस्सों की सफाई की गई।
डस्टबिन में कचरा डालने की अपील
ट्रस्ट सचिव डॉ. चक्रेश पहाड़िया और योगा ग्रुप संयोजक लव कुमरावत ने शिवकुंज आने वाले लोगों से परिसर में कचरा नहीं फैलाने और डस्टबिन का उपयोग करने की अपील की। उन्होंने कहा कि यहां पटाखे नहीं जलाएं, क्योंकि इससे आगजनी का खतरा बना रहता है।

जल व्यवस्था को लेकर भी की चर्चा
योगा ग्रुप के सदस्य, पार्षद एवं पत्रकार सचिन शर्मा और हीरा यादव ने निर्बाध जल व्यवस्था को लेकर नगर पालिका अध्यक्ष प्रतिनिधि से चर्चा की। इस दौरान सचिन दुबे, पवन कुमरावत, अंकित राठौड़, आशीष जोशी, मणिराम नायडू, कमलेश कुमरावत, अमित, प्रदीप और दूर सिंह सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।



