
जनोदय पंच। इंदौर में दीपावली से पहले अवैध पटाखों के भंडारण और बिक्री के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई जारी है। राऊ पुलिस ने कुमार मोहल्ले के एक रिहाइशी मकान में दबिश देकर करीब 2 लाख 20 हजार रुपए कीमत के पटाखे जब्त किए हैं। मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है।
मकान के कमरे में छिपाकर रखे थे पटाखे
जानकारी के अनुसार, राऊ थाना पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि कुमार मोहल्ले के एक आवासीय मकान में भारी मात्रा में अवैध पटाखों का भंडारण किया गया है। सूचना के आधार पर थाना प्रभारी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी। तलाशी के दौरान मकान के एक कमरे में बड़ी मात्रा में पटाखे छिपाकर रखे मिले।
लाइसेंस नहीं दिखा सका आरोपी
पुलिस ने मौके से नौसाद मंसूरी पिता हाजी मोहम्मद नियाज, निवासी कुमार मोहल्ला, राऊ को हिरासत में लिया। पटाखों के भंडारण और बिक्री से संबंधित लाइसेंस एवं वैध दस्तावेज मांगे जाने पर आरोपी कोई अनुमति पत्र प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद स्वतंत्र साक्षियों की मौजूदगी में कार्रवाई की वीडियोग्राफी कराई गई और करीब 2 लाख 20 हजार रुपए कीमत के पटाखे एवं विस्फोटक सामग्री जब्त की गई।
विस्फोटक अधिनियम और बीएनएस के तहत प्रकरण
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ विस्फोटक अधिनियम की धारा 9बी और भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 288 के तहत प्रकरण दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। एडिशनल डीसीपी राजेश दंडोतिया ने मामले में जानकारी दी।
पहले भी हो चुकी है कार्रवाई
इंदौर में अवैध पटाखों के भंडारण और बिक्री के खिलाफ पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। इससे पहले हीरानगर और बाणगंगा थाना क्षेत्रों में भी पुलिस अवैध पटाखों के खिलाफ कार्रवाई कर चुकी है।



