एसडीओपी ने लंबित अपराधों और जप्त मामलों की समीक्षा कर दिए आवश्यक निर्देश

सेंधवा; पुलिस अधीक्षक बड़वानी पद्मविलोचन शुक्ल के निर्देशन में जिले के सभी एसडीओपी अधिकारियों को अपने अनुभाग के थानों का आकस्मिक निरीक्षण कर लंबित अपराध, चालान, मर्ग और शिकायतों की नियमित समीक्षा करने के निर्देश दिए गए हैं।
इसी क्रम में एसडीओपी सेंधवा अजय वाघमारे ने 9 मई 2026 को थाना वरला का आकस्मिक निरीक्षण कर अपराध समीक्षा बैठक आयोजित की। बैठक में विवेचकों से अलग-अलग लंबित मामलों की जानकारी ली गई।

आईसीजेएस और सीसीटीएनएस कार्यों पर निर्देश
अजय वाघमारे ने विवेचकों को लंबित अपराधों और शिकायतों का त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण करने के निर्देश दिए। बैठक में आईसीजेएस पोर्टल के अंतर्गत ई-समन तामिली तथा सीसीटीएनएस में विवेचना संबंधी कार्रवाई समय-सीमा में अपलोड करने पर विशेष जोर दिया गया। अधिकारियों को लंबित प्रकरणों के शीघ्र निराकरण के लिए नियमित मॉनिटरिंग करने के निर्देश भी दिए गए।
जप्त वाहनों और शराब के निराकरण पर जोर
निरीक्षण के दौरान पुलिस महानिरीक्षक ग्रामीण इंदौर ज़ोन द्वारा चलाए जा रहे जप्त शराब और वाहनों के निराकरण अभियान की समीक्षा भी की गई। एसडीओपी अजय वाघमारे ने लंबे समय से थाने में रखे जप्त वाहनों के अधिकतम निराकरण तथा न्यायालय से निराकृत प्रकरणों में जप्त शराब के वैधानिक नष्टीकरण की कार्रवाई शीघ्र पूरी करने के निर्देश दिए। बैठक में थाना प्रभारी वरला नारायण रावल सहित थाने के सभी अनुसंधानकर्ता अधिकारी उपस्थित रहे।



