मालवा-निमाड़

सेंधवा के बिजासन घाट पर अज्ञात वाहन ने किसान को कुचला, खेती देखने जा रहे मंगल की मौके पर मौत

मुंबई-आगरा नेशनल हाईवे पर चिड़ी मोड़ घाट क्षेत्र में हादसा, टक्कर के बाद शव क्षत-विक्षत; पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक की तलाश शुरू की।

जनोदय पंच। सेंधवा से 16 किलोमीटर दूर मध्य प्रदेश-महाराष्ट्र सीमा पर बिजासन घाट में सोमवार सुबह सड़क हादसे में एक किसान की मौत हो गई। बाइक से जा रहे किसान को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। हादसे के बाद चालक मौके से फरार हो गया।

मृतक की पहचान सेगवी निवासी मंगल (40) पिता खूमसिंग सैनानी के रूप में हुई है। मंगल खेती करते थे। सोमवार सुबह वे अपनी बाइक से गृहगांव सेगवी से महाराष्ट्र की ओर जा रहे थे। इसी दौरान चिड़ी मोड़ घाट क्षेत्र में अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी।

वाहन की चपेट में आने से मौके पर मौत

टक्कर लगने से मंगल सड़क पर गिर गए और वाहन की चपेट में आ गए। हादसा इतना गंभीर था कि उनकी मौके पर ही मौत हो गई। दुर्घटना में उनका शव क्षत-विक्षत हो गया। हादसे के बाद अज्ञात वाहन चालक मौके से फरार हो गया।

पुलिस और हाईवे पेट्रोलिंग टीम पहुंची

घटना की सूचना मिलते ही बिजासन चौकी पुलिस और हाईवे पेट्रोलिंग वाहन मौके पर पहुंचे। पुलिस ने मृतक के परिजनों को घटना की जानकारी दी। इसके बाद हाईवे एंबुलेंस की मदद से शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।

मर्ग कायम कर अज्ञात वाहन की तलाश शुरू

पुलिस ने मर्ग कायम कर अज्ञात वाहन और उसके चालक की तलाश शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। मृतक का अंतिम संस्कार उनके गृहगांव सेगवी में किया जाएगा।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!