पानसेमल के मेद्राणा की एकलव्य बस्ती में वर्षों पुरानी समस्याओं के समाधान के लिए विधायक बरडे ने दिए निर्देश
ग्राम मेद्राणा की एकलव्य बस्ती में ग्रामीणों से संवाद के दौरान वर्षों से लंबित मूलभूत सुविधाओं की समस्याओं पर मौके पर ही संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए।

जनोदय पंच। पानसेमल विधानसभा क्षेत्र के ग्राम मेद्राणा स्थित एकलव्य बस्ती में विधायक श्याम बरडे ने ग्रामीणों की वर्षों पुरानी समस्याओं को सुनकर सड़क, बिजली और सार्वजनिक शौचालय जैसी मूलभूत सुविधाओं के लिए संबंधित अधिकारियों को मौके पर ही निर्देश दिए। जन चौपाल में भी ग्रामीणों की समस्याओं का निराकरण कराया गया।
पानसेमल के बालझीरी ग्राम पंचायत अंतर्गत ग्राम मेद्राणा स्थित एकलव्य बस्ती में विधायक श्याम बरडे ने ग्रामीणों की वर्षों पुरानी समस्याओं के समाधान की दिशा में पहल की। ग्राम आगमन पर सुदाम पटेल के निवास पर ग्रामीणों एवं मातृशक्ति ने आरती-तिलक और पुष्पमालाओं से विधायक का स्वागत किया। इसके बाद विधायक वरिष्ठ जनप्रतिनिधियों के साथ एकलव्य बस्ती पहुंचे, जहां उन्होंने घर-घर जाकर माताओं, बहनों और ग्रामीणों से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं।

सड़क, बिजली और शौचालय के लिए दिए निर्देश
ग्रामीणों ने बताया कि बस्ती में लंबे समय से बिजली, पेयजल, सार्वजनिक शौचालय तथा आवागमन के लिए सीमेंट कंक्रीट सड़क जैसी मूलभूत सुविधाओं का अभाव है। इसके बाद विधायक श्याम बरडे ने तत्काल एसडीएम, तहसीलदार, विद्युत विभाग, शिक्षा विभाग एवं संबंधित अधिकारियों को मौके पर बुलाकर आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने एकलव्य बस्ती में सीमेंट कंक्रीट सड़क निर्माण, दो दिवस के भीतर बिजली के पोल एवं विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने तथा सार्वजनिक शौचालय निर्माण की घोषणा की। विधायक के त्वरित निर्णय से ग्रामीणों में हर्ष का वातावरण बन गया।

जन चौपाल में अधिकारियों को दिए त्वरित निराकरण के निर्देश
ग्रामीणों एवं मातृशक्ति ने विधायक का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्हें शासन की योजनाओं का लाभ समय पर मिल रहा है। उन्होंने बताया कि लाड़ली बहना योजना, राशन और पेंशन जैसी योजनाओं से राहत मिली है तथा अब मूलभूत समस्याओं के समाधान का भरोसा भी मिला है। इस अवसर पर विधायक श्याम बरडे ने कहा, “मैं विधायक नहीं, आपका जनसेवक बनकर आपके बीच आया हूँ। जनता की हर समस्या का समाधान ही मेरी सर्वोच्च प्राथमिकता है। शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुँचे और हर गाँव विकास की मुख्यधारा से जुड़े, यही मेरा संकल्प है।”

जनप्रतिनिधि और अधिकारी रहे मौजूद
कार्यक्रम के दौरान ग्राम मेद्राणा में जन चौपाल का आयोजन किया गया, जिसमें ग्रामीणों की समस्याएं एवं सुझाव सुनकर संबंधित अधिकारियों को त्वरित एवं प्रभावी निराकरण के निर्देश दिए गए। इस अवसर पर राजेन्द्र शितोले (किसान मोर्चा जिलाध्यक्ष), चन्द्रकान्त महाजन (मंडल अध्यक्ष), गोविन्द जोशी, सुदाम पटेल, जनपद पंचायत सीईओ डामोर , विनोद पाटीदार (बीईओ), विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।




