सेंधवा में ‘सेल्फ क्लिक 2.0’ अभियान के तहत विद्यार्थियों को साइबर सुरक्षा का दिया गया संदेश, दिलाई गई जागरूकता की शपथ
सेंधवा पुलिस प्रशासन और एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय के संयुक्त आयोजन में विद्यार्थियों को साइबर अपराध से बचाव के उपाय बताए गए तथा सुरक्षित इंटरनेट उपयोग के लिए जागरूक किया गया।

जनोदय पंच। सेंधवा के एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय में आयोजित ‘सेल्फ क्लिक 2.0’ साइबर जागरूकता अभियान के तहत विद्यार्थियों को डिजिटल सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया। सेंधवा एसडीओपी अजय वाघमारे और सेंधवा ग्रामीण टीआई ओम प्रकाश चोंगडे की उपस्थिति में विद्यार्थियों ने साइबर अपराध के विरुद्ध जागरूकता की शपथ भी ली।
सेंधवा। एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय, जामली (सेंधवा) में ‘सेल्फ क्लिक 2.0’ साइबर जागरूकता अभियान आयोजित किया गया। अभियान के माध्यम से विद्यार्थियों को डिजिटल दुनिया में सतर्क और सुरक्षित रहने का संदेश दिया गया। कार्यक्रम में इंटरनेट और सोशल मीडिया के बढ़ते उपयोग के साथ साइबर अपराधों के जोखिमों की जानकारी देते हुए विद्यार्थियों को जिम्मेदारीपूर्वक डिजिटल प्लेटफॉर्म का उपयोग करने के लिए प्रेरित किया गया।

साइबर सुरक्षा के उपायों की दी जानकारी
अभियान के दौरान विद्यार्थियों को सोशल मीडिया का सुरक्षित उपयोग करने, अनजान लोगों की फ्रेंड रिक्वेस्ट स्वीकार नहीं करने तथा निजी जानकारी और तस्वीरें साझा करने से बचने की सलाह दी गई। इसके साथ ही सोशल मीडिया और ई-मेल खातों के लिए मजबूत पासवर्ड रखने, संदिग्ध लिंक पर क्लिक नहीं करने तथा किसी भी व्यक्ति को ओटीपी, पिन या पासवर्ड साझा नहीं करने की जानकारी दी गई। साइबर वित्तीय धोखाधड़ी या ऑनलाइन अपराध का शिकार होने पर तत्काल राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराने की भी अपील की गई।
विद्यार्थियों ने ली साइबर सुरक्षा की शपथ
कार्यक्रम में सेंधवा एसडीओपी अजय वाघमारे एवं सेंधवा ग्रामीण टीआई ओम प्रकाश चोंगडे की उपस्थिति में विद्यालय के सैकड़ों विद्यार्थियों ने साइबर ठगी से बचने और दूसरों को भी जागरूक करने की विशेष शपथ ली। विद्यार्थियों ने इंटरनेट का जिम्मेदारीपूर्वक उपयोग करने तथा किसी भी साइबर अपराध के विरुद्ध जागरूक रहने और आवाज उठाने का संकल्प लिया।
संयुक्त आयोजन में दिया सुरक्षित डिजिटल जीवन का संदेश
साइबर जागरूकता अभियान का आयोजन सेंधवा पुलिस प्रशासन (बड़वानी पुलिस, मध्य प्रदेश) तथा एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय, जामली (सेंधवा) के संयुक्त तत्वावधान में किया गया। कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को सुरक्षित डिजिटल व्यवहार अपनाने और साइबर अपराधों से बचाव के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया गया।



