खरगोन-बड़वानीमुख्य खबरे

सिलावद पुलिस की बड़ी कार्रवाई: गोवंश के अवैध परिवहन का भंडाफोड़ चार वाहन जब्त, 15 गोवंश मुक्त, तीन आरोपी गिरफ्तार, दो फरार

बड़वानी। पुलिस अधीक्षक बड़वानी श्री पद्मविलोचन शुक्ल के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री धीरज बब्बर तथा एसडीओपी बड़वानी श्री महेश सुनैया के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी सिलावद उप निरीक्षक रामकृष्ण लोवंशी के नेतृत्व में थाना सिलावद पुलिस ने गोवंश के अवैध परिवहन के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है।

पुलिस ने सिलावद–डोंगरगांव मार्ग स्थित ग्राम तांगड़ा में घेराबंदी कर चार पिकअप वाहनों से 15 गोवंश पशुओं को मुक्त कराया। कार्रवाई के दौरान तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया, जबकि दो आरोपी मौके से वाहन छोड़कर फरार हो गए, जिनकी तलाश जारी है।

पुलिस को विश्वसनीय मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई थी कि कुछ तस्कर अलग-अलग पिकअप वाहनों में गोवंश को अवैध रूप से वध के लिए परिवहन कर रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए क्षेत्र में सघन वाहन चेकिंग अभियान शुरू किया।

चेकिंग के दौरान वाहन क्रमांक MP-46-9027, MP-46-ZB-9215, MP-46-ZE-2451 एवं MP-46-G-3028 को रोका गया। इसी दौरान दो वाहनों के चालक पुलिस को देखकर वाहन छोड़कर पहाड़ी एवं झाड़ियों का लाभ उठाकर फरार हो गए, जबकि शेष आरोपियों को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया।

गिरफ्तार आरोपियों में कैलाश पिता धारू पंवार एवं अजमल पिता कालू पंवार (दोनों निवासी ग्राम सिंधी) तथा काव्या पिता महेश भोसले (निवासी रायखेड़ा, थाना पानसेमल) शामिल हैं।

वाहनों की जांच में पाया गया कि गोवंश पशुओं को तिरपाल से ढंककर, उनके मुंह एवं पैरों को बांधकर अत्यंत क्रूरतापूर्वक ठूंस-ठूंसकर भरा गया था। कई पशुओं के शरीर पर चोट के निशान भी पाए गए। पुलिस ने सभी 15 गोवंश को सुरक्षित मुक्त कर थाना परिसर में रखा, जहां उनके लिए चारा एवं पानी की व्यवस्था की गई।

इस कार्रवाई में लगभग ₹3,23,500 मूल्य के 15 गोवंश तथा लगभग ₹23,80,000 मूल्य के चार वाहन जप्त किए गए। आरोपियों के विरुद्ध अपराध क्रमांक 203/2026, 204/2026, 206/2026 एवं 207/2026 दर्ज कर मध्यप्रदेश गौवंश वध प्रतिषेध अधिनियम, पशु क्रूरता निवारण अधिनियम एवं संबंधित धाराओं के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई है।

पुलिस द्वारा फरार आरोपियों की तलाश की जा रही है तथा यह भी जांच जारी है कि गोवंश को कहां से लाया गया था और किस नेटवर्क के तहत इसका परिवहन किया जा रहा था।

सराहनीय भूमिका
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी उप निरीक्षक रामकृष्ण लोवंशी, उप निरीक्षक बलवंत सिंह बिसेन, सहायक उप निरीक्षक विनोद मीणा, सहायक उप निरीक्षक सुरेश पाटीदार, प्रधान आरक्षक ईश्वर सिंह, प्रधान आरक्षक संदेश पांचाल, प्रधान आरक्षक सरवन पटेल, आरक्षक अंतर सिंह एवं आरक्षक सुनील की विशेष भूमिका रही।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!