धार, झाबुआ, आलीराजपुरमुख्य खबरे

खलघाट; महेश्वर से लौट रहे दोस्तों की बाइक को ट्राले ने मारी टक्कर, एक युवक की मौके पर मौत

खलघाट एबी रोड पर दर्दनाक हादसा, एक गंभीर घायल, ट्राला चालक पर मामला दर्ज

खलघाट; महेश्वर से घूमकर लौट रहे तीन दोस्तों की यात्रा कुछ ही पलों में मातम में बदल गई। खलघाट एबी रोड पर पर्यटक होटल के सामने हुए भीषण सड़क हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। आखिर कैसे हुआ यह दर्दनाक हादसा, आइए जानते हैं।

शनिवार देर शाम खलघाट एबी रोड स्थित पर्यटक होटल के सामने एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की जान चली गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और कुछ समय के लिए राष्ट्रीय राजमार्ग पर वाहनों की लंबी कतार लग गई।

पुलिस के अनुसार, नायदड़ निवासी महेश चौहान अपने साथी सचिन चौहान के साथ महेश्वर घूमकर मोटरसाइकिल से गांव लौट रहे थे। इसी दौरान पर्यटक होटल के सामने ट्राला क्रमांक डीएन-09-एस-9595 ने उनकी बाइक क्रमांक एमपी-46-जेडएफ-0389 को टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी तेज थी कि महेश चौहान की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि सचिन चौहान गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस के साथ टोल एंबुलेंस को सूचना दी।

टोल एंबुलेंस की सहायता से दोनों युवकों को शासकीय अस्पताल धामनोद पहुंचाया गया। वहां चिकित्सकों ने महेश चौहान को मृत घोषित कर दिया, जबकि घायल सचिन चौहान का उपचार जारी है।

हादसे के बाद एबी रोड पर यातायात प्रभावित हो गया। सूचना मिलते ही यातायात चौकी खलघाट प्रभारी पदम सिंह भाटी अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाकर यातायात को फिर से सुचारू कराया।

धामनोद थाना पुलिस ने ट्राला चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वहीं मृतक के शव का पोस्टमार्टम कर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद परिजनों को सौंप दिया गया। स्थानीय लोगों का कहना है कि नेशनल हाईवे पर लंबे समय से मौजूद कुछ कमियां ऐसे हादसों को बढ़ावा दे रही हैं। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!