खरगोन-बड़वानीमुख्य खबरे

लगातार बारिश से बड़वानी में जलभराव, राजघाट रोड पर बिगड़े हालात

सड़क पर भरे पानी से राहगीर, वाहन चालक और दुकानदार परेशान; स्थायी समाधान की मांग तेज

बड़वानी। शहर में शुक्रवार रात से लगातार हो रही बारिश के कारण राजघाट रोड पर जलभराव की स्थिति बन गई है। शनिवार दोपहर करीब एक बजे सड़क पर पानी भर जाने से राहगीरों, वाहन चालकों, आसपास के रहवासियों और दुकानदारों को परेशानी का सामना करना पड़ा।

स्थानीय दुकानदारों और रहवासियों के अनुसार जलभराव के कारण विशेष रूप से दोपहिया वाहन चालकों को आवागमन में जोखिम उठाना पड़ रहा है। वहीं पैदल आने-जाने वाले लोगों को भी पानी से भरी सड़क के कारण कठिनाई हो रही है। कई स्थानों पर सड़क पूरी तरह पानी में डूब जाने से गड्ढे दिखाई नहीं दे रहे हैं, जिससे दुर्घटना की आशंका बनी हुई है।

रहवासियों का कहना है कि प्रत्येक वर्ष बारिश के दौरान राजघाट रोड पर इसी तरह जलभराव की समस्या उत्पन्न होती है, लेकिन अब तक इसका स्थायी समाधान नहीं किया गया है। उनका यह भी कहना है कि क्षेत्र में चल रही सीवरेज लाइन की खुदाई के कारण स्थिति और अधिक गंभीर हो गई है।

नागरिकों ने नगर पालिका प्रशासन से प्रभावी जल निकासी व्यवस्था सुनिश्चित करते हुए राजघाट रोड से जल्द से जल्द पानी निकालने तथा समस्या के स्थायी समाधान के लिए आवश्यक कदम उठाने की मांग की है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!