खरगोन-बड़वानीमुख्य खबरेसेंधवा

सेंधवा सीएम राइज स्कूल में कक्षा के दौरान छज्जा गिरा, दो छात्राएं घायल, सहायक आयुक्त पहुंची छात्रा से मिलने

बारिश से छत में आई सीलन के बीच प्लास्टर गिरने से हादसा, अधिकारियों ने अस्पताल और छात्राओं के घर पहुंचकर ली जानकारी।

जनोदय पंच। सेंधवा के शासकीय सांदीपनि उत्कृष्ट माध्यमिक विद्यालय (सीएम राइज स्कूल) में मंगलवार सुबह कक्षा के दौरान छज्जे का प्लास्टर गिरने से नौवीं कक्षा की दो छात्राएं घायल हो गईं। दोनों का सिविल अस्पताल में उपचार कराया गया। घटना के बाद शिक्षक, स्कूल स्टाफ और शिक्षा विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे तथा छात्राओं की स्थिति की जानकारी ली।

कक्षा में पढ़ाई के दौरान हुआ हादसा

सेंधवा के शासकीय सांदीपनि उत्कृष्ट माध्यमिक विद्यालय (सीएम राइज स्कूल) में मंगलवार सुबह करीब 9 बजे स्कूल भवन की छत का प्लास्टर अचानक गिर गया। उस समय कक्षा में 8 से 9 छात्राएं मौजूद थीं। मलबे और प्लास्टर की चपेट में आने से कक्षा 9वीं की दो छात्राएं घायल हो गईं। घायल छात्रा प्रियंका ने बताया कि पढ़ाई के दौरान अचानक छत का प्लास्टर टूटकर नीचे गिर गया।

शिक्षकों ने पहुंचाया अस्पताल, उपचार जारी

घटना के तुरंत बाद शिक्षक और स्कूल स्टाफ मौके पर पहुंचे तथा घायल छात्राओं को सेंधवा के सिविल अस्पताल पहुंचाया गया। डॉक्टरों के अनुसार दोनों छात्राओं की स्थिति खतरे से बाहर है और उनके सिर में मामूली चोटें आई हैं। सीएम राइज स्कूल के शिक्षक डॉ. संजीव निकुम ने बताया कि दोनों छात्राएं नौवीं कक्षा में अध्ययनरत हैं। उन्होंने बताया कि बारिश के कारण छत में सीलन आने से प्लास्टर गिरा है। घटना की सूचना वरिष्ठ अधिकारियों को दे दी गई है।

पुराने भवन में संचालित हो रहा विद्यालय

उल्लेखनीय है कि शहर की पहली सांदीपनि (सीएम राइज) स्कूल का नया भवन लगभग 30 करोड़ रुपये की लागत से बनकर तैयार हो चुका है। हालांकि फर्नीचर और अन्य विभागीय प्रक्रियाओं के कारण भवन का हैंडओवर अभी तक नहीं हुआ है। इसी कारण विद्यालय का संचालन पुराने भवन में दो शिफ्टों में किया जा रहा है। सूचना मिलते ही बीईओ लोकेंद्र सोहनी मौके पर पहुंचे और घायल छात्राओं के उपचार की जानकारी ली। वहीं सहायक आयुक्त रंजना सिंह भी शहर पहुंचीं तथा घायल छात्रा के घर जाकर परिजनों से घटना की जानकारी ली।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!