सेंधवा। अवैध पिस्टल एवं हथियार निर्माण की फैक्ट्री का भंडाफोड़, एक आरोपी गिरफ्तार, बड़ी मात्रा में हथियार एवं निर्माण सामग्री जब्त
सेंधवा; पुलिस की बड़ी कार्रवाई: अवैध हथियार बनाने वाले गिरोह पर शिकंजा

सेंधवा। अवैध हथियारों के निर्माण एवं तस्करी पर प्रभावी अंकुश लगाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक श्री पद्मविलोचन शुक्ल के निर्देशन में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत थाना सेंधवा ग्रामीण पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने ग्राम शाहपुरा स्थित सिकलीगर मोहल्ले में दबिश देकर अवैध हथियार बनाने की फैक्ट्री का भंडाफोड़ करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। मौके से बड़ी मात्रा में अवैध पिस्टल, हथियार बनाने के सांचे, बैरल तथा अन्य उपकरण एवं सामग्री बरामद की गई है।
यह कार्रवाई अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री धीरज बब्बर एवं एसडीओपी श्री अजय वाघमारे के मार्गदर्शन में थाना सेंधवा ग्रामीण पुलिस द्वारा की गई।
गिरफ्तार आरोपी
कैलाश पटवा पिता कोट सिंह पटवा, उम्र 34 वर्ष, निवासी सिकलीगर फलिया, शाहपुरा, थाना सेंधवा ग्रामीण, जिला बड़वानी।
जब्त सामग्री
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से तीन अवैध पिस्टल, एक अर्धनिर्मित पिस्टल, एक पिस्टल बनाने का सांचा, 12 पिस्टल बैरल, दो बैरल निर्माण सांचे, चार मैगज़ीन निर्माण सांचे तथा हथियार निर्माण में प्रयुक्त हथौड़ी, संडासी, ड्रिल मशीन, ग्राइंडर मशीन, प्लायर, पेचकस, लोहे की रॉड, पाइप, चादर, एंगल, स्प्रिंग एवं अन्य कल-पुर्जे और उपकरण जब्त किए हैं।

जब्त सामग्री की अनुमानित कीमत लगभग एक लाख रुपये आंकी गई है।
कार्रवाई का विवरण
पुलिस को विश्वसनीय सूचना प्राप्त हुई थी कि ग्राम शाहपुरा के सिकलीगर मोहल्ले में अवैध हथियार तैयार कर उनकी बिक्री की जा रही है तथा बाहरी व्यक्तियों का भी लगातार आना-जाना बना हुआ है। सूचना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तीन विशेष टीमों का गठन कर योजनाबद्ध तरीके से दबिश दी।
दबिश के दौरान आरोपी कैलाश पटवा के घर से अवैध पिस्टल, हथियार बनाने के सांचे, बैरल एवं अन्य निर्माण सामग्री बरामद हुई। आरोपी के विरुद्ध आयुध अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई है।
पूछताछ में आरोपी ने अपने अन्य साथियों के नाम भी बताए हैं, जो अवैध हथियार बनाने एवं उनकी सप्लाई करने के कार्य में संलिप्त हैं। पुलिस ने ऐसे आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए विशेष प्रयास प्रारंभ कर दिए हैं। फरार आरोपियों की तलाश जारी है।
सराहनीय भूमिका
इस सफल कार्रवाई में एसडीओपी श्री अजय वाघमारे के नेतृत्व एवं प्रत्यक्ष मार्गदर्शन में थाना प्रभारी सेंधवा ग्रामीण ओ.पी. सिंह चोंगड़े एवं उनकी टीम, थाना नागलवाड़ी तथा थाना सेंधवा शहर के पुलिस बल सहित कुल तीन टीमों के लगभग 30 पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने महत्वपूर्ण एवं सराहनीय भूमिका रही है



