गेहूं की थैली से निकली दो अवैध पिस्टल, वरला पुलिस ने सिकलीगर आरोपी को किया गिरफ्तार
बलवाड़ी-हिंगवा मार्ग पर मुखबिर की सूचना के बाद कार्रवाई, आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू

जनोदय पंच। वरला पुलिस ने अवैध हथियारों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए ग्राम उमर्टी निवासी एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी गेहूं से भरी बरसाती थैली में दो अवैध पिस्टल छिपाकर ले जा रहा था। पुलिस ने हथियार जब्त कर आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया है।
मुखबिर की सूचना से खुला मामला
पुलिस महानिरीक्षक (ग्रामीण जोन, इन्दौर) के निर्देशानुसार जिले में अवैध आर्म्स, अवैध शराब, मादक पदार्थों और अन्य अवैध गतिविधियों के विरुद्ध अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस अधीक्षक बड़वानी पद्मविलोचन शुक्ल के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक धीरज बब्बर तथा एसडीओपी सेंधवा अजय वाघमारे के मार्गदर्शन में थाना वरला पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है।
इसी दौरान 8 जुलाई 2026 को थाना प्रभारी नारायण रावल को विश्वसनीय मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम उमर्टी का एक व्यक्ति सफेद रंग की बरसाती थैली में अवैध हथियार छिपाकर बेचने की नीयत से बलवाड़ी से हिंगवा रोड की ओर जा रहा है। सूचना मिलते ही सउनि. महेन्द्रसिंह चौहान के नेतृत्व में पुलिस टीम को मौके पर रवाना किया गया।

गेहूं के भीतर छिपाकर रखे थे हथियार
पुलिस ने बलवाड़ी-हिंगवा मार्ग पर घेराबंदी कर संदिग्ध को रोक लिया। पूछताछ में उसने अपना नाम सावन सिंह पिता भगतसिंह भाटिया, उम्र 40 वर्ष, जाति सिकलीगर, निवासी ग्राम उमर्टी बताया। तलाशी के दौरान उसकी सफेद बरसाती थैली में गेहूं भरा मिला। जब गेहूं की गहन जांच की गई तो उसके भीतर पारदर्शी थैलियों में छिपाकर रखी गई दो अवैध पिस्टल बरामद हुईं।

आर्म्स एक्ट के तहत गिरफ्तारी, पूछताछ जारी
पुलिस ने पंचों की मौजूदगी में दोनों पिस्टल जब्त कर आरोपी को धारा 25(1)(ए) आर्म्स एक्ट संशोधन अधिनियम, 2019 के तहत गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अब आरोपी से हथियारों के स्रोत और उनकी खरीद-फरोख्त के संबंध में पूछताछ कर रही है।इस कार्रवाई में निरीक्षक नारायण रावल, सउनि. महेन्द्रसिंह चौहान, प्रआर. 428 दीपक, प्रआर. 37 अनिल सोलंकी, आरक्षक 257 अरविन्द तथा आरक्षक चालक 556 सतीश की महत्वपूर्ण भूमिका रही।



