सेंधवा पुलिस ने आर्म्स एक्ट के फरार वारंटी को दिल्ली के सुल्तानपुरी से गिरफ्तार कर न्यायालय में किया पेश
ऑपरेशन हवालात के तहत तकनीकी तंत्र और मुखबिर सूचना के आधार पर सेंधवा शहर पुलिस की कार्रवाई

जनोदय पंच। बड़वानी जिले में चलाए जा रहे ऑपरेशन हवालात के तहत थाना सेंधवा शहर पुलिस ने आर्म्स एक्ट के प्रकरण में लंबे समय से फरार वारंटी शुभम सिंगला को सुल्तानपुरी (दिल्ली) से गिरफ्तार किया। आरोपी को सेंधवा लाकर वैधानिक कार्रवाई पूरी करने के बाद न्यायालय में प्रस्तुत किया गया।
जिला बड़वानी में पुलिस अधीक्षक श्री पद्मविलोचन शुक्ल के निर्देशन में फरार आरोपियों एवं वारंटियों की गिरफ्तारी के लिए ऑपरेशन हवालात के तहत विशेष अभियान संचालित किया जा रहा है। इसी अभियान के अंतर्गत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री धीरज बब्बर एवं एसडीओपी सेंधवा श्री अजय वाघमारे के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी सेंधवा शहर श्री दिनेश सिंह कुशवाह के नेतृत्व में थाना सेंधवा शहर पुलिस ने आर्म्स एक्ट के प्रकरण में फरार वारंटी को गिरफ्तार करने की कार्रवाई की।
आर्म्स एक्ट के प्रकरण में लंबे समय से था फरार
थाना सेंधवा शहर में दर्ज अपराध क्रमांक 263/2024 में धारा 25(1)(ए) आर्म्स एक्ट के तहत आरोपी शुभम पिता रमेश कुमार सिंगला, उम्र 28 वर्ष, निवासी सुल्तानपुरी, दिल्ली लंबे समय से फरार चल रहा था। पुलिस के अनुसार गिरफ्तारी से बचने के लिए वह लगातार अपने ठिकाने बदल रहा था। न्यायालय में उपस्थित नहीं होने पर उसके विरुद्ध गिरफ्तारी वारंट जारी किया गया था।
तकनीकी तंत्र और मुखबिर सूचना से मिली सफलता
फरार वारंटी की तलाश के दौरान थाना सेंधवा शहर पुलिस को तकनीकी तंत्र एवं मुखबिर से महत्वपूर्ण सूचना प्राप्त हुई। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने सुल्तानपुरी (दिल्ली) पहुंचकर योजनाबद्ध तरीके से दबिश दी। घेराबंदी कर आरोपी शुभम सिंगला को गिरफ्तार कर पुलिस अभिरक्षा में लिया गया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को विधिवत सेंधवा लाया गया, जहां आवश्यक वैधानिक कार्रवाई पूरी करने के पश्चात उसे माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी सेंधवा शहर श्री दिनेश सिंह कुशवाह, उपनिरीक्षक श्री स्वदेश कुमरावत तथा आरक्षक श्री संतोष भाबर की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस द्वारा अभियान के तहत फरार आरोपियों एवं वारंटियों की धरपकड़ की कार्रवाई लगातार जारी है।



