सेंधवा से केदारनाथ जल यात्रा के लिए श्रद्धालुओं का जत्था रवाना, हरिद्वार से शुरू होगी साइकिल यात्रा
10 अगस्त को शिव शक्ति धाम, गोई वाकी मंदिर पहुंचेगी यात्रा, केदारनाथ से लाए गए पवित्र जल से होगा भगवान शिव का जलाभिषेक

सेंधवा: केदारनाथ धाम से पवित्र जल लेकर शिव शक्ति धाम गोई वाकी मंदिर में जलाभिषेक करने के उद्देश्य से श्रद्धालुओं का जत्था बुधवार को सेंधवा से रवाना हुआ। यात्रा के तहत श्रद्धालु पहले बोलेरो वाहन से केदारनाथ एवं हरिद्वार के लिए प्रस्थान करेंगे, जहां से केदारनाथ का जल लेकर हरिद्वार से साइकिल यात्रा प्रारंभ की जाएगी।
जानकारी के अनुसार श्रद्धालुओं का दल सेंधवा से मानपुर, रतलाम, जावरा, जयपुर, दिल्ली और हरिद्वार होते हुए केदारनाथ पहुंचेगा। इसके बाद केदारनाथ से पवित्र जल लेकर हरिद्वार से साइकिल यात्रा शुरू होगी। यह यात्रा हरिद्वार, मुजफ्फरनगर, मेरठ, आगरा, मुरैना, ग्वालियर, शिवपुरी, गुना और इंदौर होते हुए 10 अगस्त 2026 को सेंधवा स्थित शिव शक्ति धाम, गोई वाकी मंदिर पहुंचेगी। यहां भगवान शिव का जलाभिषेक किया जाएगा। यात्रा में राकेश डुडवे, रोहित डुडवे, सोहन भाबरी, जतन डुडवे, बीलू सेनानी, दिलीप डुडवे तथा गोविंद डुडवे विशेष रूप से शामिल हैं।


श्रद्धालुओं के प्रस्थान के अवसर पर शिव शक्ति धाम मंदिर परिसर में उनका स्वागत किया गया। इस दौरान राहुल पालीवाल, सुनील शर्मा, सुखदेव स्वामी, महेश पालीवाल, गणेश चौधरी, मुकेश सोलंकी सहित अन्य श्रद्धालु उपस्थित रहे। सभी ने यात्रियों के सफल एवं मंगलमय सफर की कामना करते हुए उन्हें केदारनाथ एवं हरिद्वार के लिए रवाना किया।




