खरगोन-बड़वानीमुख्य खबरे

बड़वानी। पीएम श्री शासकीय हाई स्कूल बड़वानी में श्रद्धा एवं उत्साह के साथ मनाया गया गुरु पूर्णिमा पर्व

सेवानिवृत्त शिक्षकों का शॉल व श्रीफल भेंट कर किया गया भावभीना सम्मान

बड़वानी। पीएम श्री शासकीय हाई स्कूल, बड़वानी में गुरु पूर्णिमा का पावन पर्व अत्यंत श्रद्धा, उत्साह एवं गरिमामय वातावरण में आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। तत्पश्चात श्रीमती संध्या पौराणिक द्वारा मधुर स्वर में सरस्वती वंदना प्रस्तुत की गई।

सेवानिवृत्त शिक्षकों का सम्मान एवं उद्बोधन:
समारोह में विद्यालय के मार्गदर्शन का आधार रहे वरिष्ठ एवं सेवानिवृत्त शिक्षकों को विशेष रूप से आमंत्रित कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर सेवानिवृत्त शिक्षक श्री रमेश चंद्र सराफ एवं श्रीमती संध्या दशोरे को शॉल, श्रीफल एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर उनका भावभीना स्वागत व अभिनंदन किया गया। कार्यक्रम के दौरान श्रीमती पूजा जैन द्वारा गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर सारगर्भित उद्बोधन भी दिया गया।


गुरु की महिमा पर प्रकाश:
कार्यक्रम में विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित स्थानीय वार्ड पार्षद श्री गजेंद्र सोनाने (जनप्रतिनिधि) ने अपने उद्बोधन में गुरु की महिमा पर प्रकाश डालते हुए कहा कि शिक्षक ही समाज और भावी पीढ़ी के निर्माण की वास्तविक नींव होते हैं। वहीं, उपस्थित अतिथियों एवं सेवानिवृत्त शिक्षकों ने अपने अनुभव साझा करते हुए विद्यार्थियों को जीवन में अनुशासन, उत्कृष्ट संस्कार और निरंतर प्रगति करने की प्रेरणा दी।

कुशल मंच संचालन व आभार:
संपूर्ण कार्यक्रम का गरिमामय एवं कुशल मंच संचालन श्रीमती सुनीता खान द्वारा किया गया। कार्यक्रम के अंत में विद्यालय परिवार द्वारा उपस्थित सभी अतिथियों, गुरुजनों एवं गणमान्य नागरिकों का हृदय से आभार व्यक्त किया गया। इस अवसर पर संस्था के प्राचार्य, समस्त शिक्षक वृंद, कर्मचारीगण एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!