सेंधवा में निमाड़ी पटवा सर्व समाज की बैठक, ‘मेरी सखी कल्याणी योजना’ लागू करने पर बनी सहमति
करीब 200 सकल पंच सदस्यों की मौजूदगी में महिला सशक्तिकरण और आर्थिक सहयोग की योजना पर विस्तार से हुई चर्चा

सेंधवा। निमाड़ी पटवा सर्व समाज द्वारा लाल बाई फूल बाई माता मंदिर प्रांगण में एक बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में सनावद, सेंधवा, मनावर, राजपुर, ओझर, खरगोन, बरूड़, धामनोद, गुजरी सहित अन्य नगरों से लगभग 200 सकल पंच सदस्य उपस्थित रहे।
बैठक में महिलाओं द्वारा संचालित ‘मेरी सखी कल्याणी योजना’ को लागू करने पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। इस योजना का मुख्य उद्देश्य महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाना तथा दुःख की घड़ी में आर्थिक सहयोग उपलब्ध कराना है। योजना के तहत सभी पंजीकृत महिलाओं द्वारा एकत्रित राशि से किसी पंजीकृत महिला की मृत्यु होने पर उसके परिवार को आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी।

मेरी सखी कल्याणी योजना के अंतर्गत समाज की प्रत्येक पंजीकृत महिला स्वेच्छा से 500 रुपये की आर्थिक सहायता राशि प्रदान करेगी। योजना के प्रथम चरण में 100 महिलाओं को जोड़ने का लक्ष्य रखा गया है। इस व्यवस्था के तहत मृतक महिला के परिवार के नामित वारिस को 50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।

बैठक में शिक्षिका मालती चौहान, ममता मौर्यवंशी, मधु सूर्यवंशी, शिवांगी पटवा, रानी पटवा, नर्मदा पटवा, ज्योति पटवा, वैजयंती घोड़क और मधु पटवा ने अपने-अपने विचार व्यक्त किए। वक्ताओं ने समाज की अधिक से अधिक महिलाओं को इस योजना से जोड़कर उन्हें आत्मनिर्भर, स्वावलंबी एवं आर्थिक रूप से सशक्त बनाने पर जोर दिया। कार्यक्रम का संचालन सतीष मौर्यवंशी एवं राकेश पटवा ने किया।



