बड़वानी में पुलिस जनसुनवाई: पुलिस अधीक्षक पद्मविलोचन शुक्ल ने पांच शिकायतों पर दिए त्वरित कार्रवाई के निर्देश
भूमि विवाद, लेनदेन, महिला संबंधी मामलों सहित पांच शिकायतों पर समयबद्ध एवं पारदर्शी कार्रवाई के निर्देश

बड़वानी में मंगलवार को पुलिस अधीक्षक पद्मविलोचन शुक्ल के नेतृत्व में साप्ताहिक जनसुनवाई का आयोजन किया गया। पुलिस अधीक्षक कार्यालय सहित जिले के सभी थाना परिसरों में एक साथ आयोजित जनसुनवाई में नागरिकों ने अपनी समस्याएं एवं शिकायतें प्रस्तुत कीं। पुलिस अधीक्षक पद्मविलोचन शुक्ल ने प्रत्येक आवेदक की बात गंभीरता एवं संवेदनशीलता के साथ सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को नियमानुसार त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए।
पुलिस अधीक्षक कार्यालय में आयोजित जनसुनवाई के दौरान भूमि विवाद, आपसी लेनदेन, लड़ाई-झगड़ा तथा महिला संबंधी मामलों से संबंधित कुल पांच शिकायतें प्राप्त हुईं। उन्होंने सभी प्रकरणों का गंभीरता से परीक्षण किया तथा संबंधित थाना प्रभारियों से दूरभाष पर चर्चा कर प्रत्येक शिकायत का समयबद्ध एवं विधिसम्मत निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
पारदर्शी एवं समयबद्ध निराकरण पर दिया जोर
पुलिस अधीक्षक पद्मविलोचन शुक्ल ने पूर्व में आयोजित जनसुनवाई में प्राप्त शिकायतों की भी समीक्षा की तथा लंबित प्रकरणों के शीघ्र, निष्पक्ष एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण के लिए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने निर्देशित किया कि प्रत्येक शिकायत का निर्धारित समय-सीमा में पारदर्शी एवं निष्पक्ष निराकरण सुनिश्चित किया जाए। वरिष्ठ नागरिकों, महिलाओं एवं संवेदनशील मामलों से संबंधित शिकायतों को प्राथमिकता के आधार पर लिया जाए तथा गंभीर प्रकृति के मामलों में बिना विलंब वैधानिक कार्रवाई की जाए। साथ ही लंबित प्रकरणों की जांच पूरी जवाबदेही एवं पारदर्शिता के साथ समय पर पूर्ण करने के निर्देश दिए। पुलिस अधीक्षक पद्मविलोचन शुक्ल ने कहा कि जनसुनवाई का उद्देश्य आमजन और पुलिस के बीच विश्वास को और मजबूत करना है तथा प्रत्येक शिकायत का निष्पक्ष एवं प्रभावी निराकरण पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। जनसुनवाई के दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक धीरज बब्बर, शिकायत शाखा निरीक्षक विनोद बघेल, निरीक्षक सुनीता मंडलोई सहित अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।



