बलवाड़ी में एक ही रात दो जगह चोरी, ज्वेलर्स की दुकान और मकान से जेवर-नकदी ले गए बदमाश
शटर उचकाकर ज्वेलर्स की दुकान में घुसे बदमाश, मकान का ताला तोड़कर नकदी और सोने के जेवर किए चोरी

जनोदय पंच। बलवाड़ी में गुरुवार-शुक्रवार की दरमियानी रात अज्ञात बदमाशों ने दो स्थानों पर चोरी की। ज्वेलर्स की दुकान से चांदी के जेवर व नकदी, मकान से करीब 25 हजार रुपए और डेढ़ तोला सोना चोरी किया। जाते समय बाइक भी ले गए।
वरला थाना क्षेत्र के बलवाड़ी गांव में गुरुवार-शुक्रवार की दरमियानी रात अज्ञात बदमाशों ने चोरी की दो वारदातों को अंजाम दिया। जानकारी के अनुसार, मुख्य मार्ग स्थित पवन सोनी निवासी सेंधवा की मां सप्तश्रृंगी ज्वेलर्स की दुकान को बदमाशों ने रात करीब 3 बजे निशाना बनाया। शटर उचकाकर दुकान में प्रवेश करने के बाद बदमाश चांदी के जेवर और नकदी चोरी कर ले गए। दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों को भी बदमाशों ने घुमा दिया, जिससे उनकी गतिविधियां कैमरे में कैद नहीं हो सकीं।


मकान का ताला तोड़कर चोरी
इसके बाद बदमाशों ने बलवाड़ी निवासी भगवान पवार और बाबू पवार के मकान को निशाना बनाया। मकान का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश करने के बाद अलमारी तोड़ी गई। यहां से करीब 25 हजार रुपए नकद और लगभग डेढ़ तोला सोना चोरी कर लिया गया। दोनों स्थानों पर चोरी करने के बाद बदमाश गांव निवासी अभिजीत सिकरवार की बाइक भी चुराकर फरार हो गए।

सुबह मिली वारदात की जानकारी
ग्रामीण भगवान पवार ने बताया कि उनका परिवार फिलहाल दूसरे मकान में रह रहा था और घटना वाले मकान पर ताला लगा हुआ था। सुबह करीब 6 बजे उन्हें घर का ताला टूटे होने की जानकारी मिली। घर पहुंचने पर सामान बिखरा मिला। जांच करने पर नकदी और सोने के जेवर गायब मिले। मामले में पुलिस को आवेदन दिया गया है।

ग्रामीणों ने की कार्रवाई की मांग
घटना के बाद ग्रामीणों ने पुलिस से जल्द चोरों का पता लगाकर उनकी गिरफ्तारी की मांग की है। ग्रामीणों के अनुसार गांव के मुख्य मार्गों पर कई स्थानों की स्ट्रीट लाइटें लंबे समय से बंद हैं। रात में अंधेरा रहने के कारण असामाजिक तत्वों को वारदात करने का मौका मिलने की बात ग्रामीणों ने कही है।



