खरगोन-बड़वानीमुख्य खबरे

एक ग्राम-एक काम से बदलेगा गांव का भविष्य, युवा बनें परिवर्तन के वाहक : डॉ. प्रमोद पंडित

विद्यार्थियों को अभियान की कार्यप्रणाली, जनभागीदारी और ग्राम विकास में युवाओं की भूमिका की जानकारी दी

बड़वानी ; सांसद अभियान के अंतर्गत शासकीय आदर्श महाविद्यालय, बड़वानी में ‘एक ग्राम-एक काम’ अभियान के परिचय, उद्देश्य एवं पंजीयन विषय पर जागरूकता व्याख्यान आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों को अभियान की कार्यप्रणाली, जनभागीदारी तथा ग्राम विकास में युवाओं की भूमिका से अवगत कराया गया।

महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. प्रमोद पंडित ने कहा कि ऐसे अभियान विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता, सामाजिक संवेदनशीलता एवं राष्ट्र निर्माण की भावना का विकास करते हैं। उन्होंने सभी युवाओं को परिवर्तन का वाहक बनने और इस जनभागीदारी आधारित अभियान में सक्रिय योगदान देने का आग्रह किया।

युवाओं से ग्राम विकास में भागीदारी का आह्वान

मुख्य वक्ता डॉ. दिनेश कुमार पाटीदार, प्रशासनिक अधिकारी ने कहा कि ‘एक ग्राम-एक काम’ केवल एक योजना नहीं, बल्कि जनसहभागिता से गांवों के समग्र विकास का प्रभावी अभियान है। यदि प्रत्येक गांव अपनी प्रमुख आवश्यकता और समस्याओं को पहचानकर सामूहिक प्रयास से पूरा करने का संकल्प ले, तो ग्रामीण विकास की नई तस्वीर सामने आएगी। उन्होंने विद्यार्थियों से अभियान में पंजीयन कर अपने गांव के विकास में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।

राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के कार्यक्रम अधिकारी प्रो. आर. आर. मुवेल ने अभियान की पंजीयन प्रक्रिया, स्वयंसेवकों की भूमिका एवं सामाजिक उत्तरदायित्व पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि युवा शक्ति ही विकसित भारत की सबसे बड़ी ताकत है और एनएसएस स्वयंसेवक सेवा, समर्पण एवं नेतृत्व के माध्यम से ग्राम विकास की इस मुहिम को नई दिशा दे सकते हैं।

कार्यक्रम के दौरान डॉ. अनिल पाटीदार द्वारा विद्यार्थियों से अभियान से जुड़े विभिन्न प्रश्न पूछे गए, जिनका समाधान किया गया। साथ ही विद्यार्थियों को अभियान से जुड़कर अपने गांव के लिए एक सार्थक कार्य का चयन करने तथा अधिक से अधिक लोगों को जोड़ने के लिए प्रेरित किया गया।

कार्यक्रम में महाविद्यालय के प्राध्यापकगण, राष्ट्रीय सेवा योजना के स्वयंसेवक एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!