आदिवासी समाज के विरुद्ध कथित टिप्पणी के विरोध में राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन, कार्रवाई की मांग

खेतिया। शंकर शिरसाठ। विश्व आदिवासी दिवस के अवसर पर राजस्थान भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद मदनलाल राठौर द्वारा आदिवासी समुदाय को लेकर की गई कथित अपमानजनक टिप्पणी के विरोध में आदिवासी समाज में आक्रोश देखने को मिला। इसी को लेकर जयस संस्थापक विक्रम आछलिया एवं आदिवासी समाज की ओर से संजय भोसले, नीलेश चौहान, गोविंद शितोले और विजय सोलंकी के नेतृत्व में बड़ी संख्या में समाजजन पुलिस थाना खेतिया पहुंचे।
समाजजनों ने भारत के राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन पुलिस थाना खेतिया में उपनिरीक्षक अलावा को सौंपा। ज्ञापन में कथित बयान की निष्पक्ष जांच कर दोषी पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध कार्रवाई करने की मांग की गई।
ज्ञापन में बताया गया कि विश्व आदिवासी दिवस के अवसर पर राजस्थान भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदनलाल राठौर द्वारा आदिवासी समुदाय के कार्यक्रम को कथित तौर पर ‘भेड़चाल’ बताया गया, जिससे आदिवासी समाज स्वयं को अपमानित महसूस कर रहा है।

समाजजनों ने ज्ञापन के साथ कथित बयान से संबंधित प्रमाण भी प्रस्तुत किए और उनकी निष्पक्ष जांच की मांग की।
जयस संस्थापक विक्रम आछलिया एवं संजय भोसले ने कहा कि विश्व आदिवासी दिवस संयुक्त राष्ट्र के स्तर पर निर्धारित दिवस है और आदिवासी समुदाय के प्रति इस प्रकार की कथित टिप्पणी उचित नहीं है। उन्होंने कहा कि टिप्पणी से आदिवासी समाज की भावनाएं आहत हुई हैं। उन्होंने प्रशासन से प्रस्तुत प्रमाणों की निष्पक्ष जांच कर दोषी पाए जाने पर कार्रवाई करने की मांग की। खेतिया से शंकर सिरसाठ की रिपोर्ट



