उज्जैन में करणी सेना के दो गुट भिड़े, तलवार-डंडों से हमला; दो की मौत, ढाबे पर मची अफरा-तफरी
कानीपुरा के लक्की दरबार ढाबे पर बुधवार रात करीब 2 बजे हुई वारदात, गाड़ियों के शीशे भी तोड़े

जनोदय पंच। उज्जैन के कानीपुरा स्थित ढाबे पर बुधवार रात पद को लेकर विवाद के बाद दो गुटों में मारपीट हो गई। आरोप है कि 12-15 लोग हथियार लेकर पहुंचे और तलवार-डंडों से हमला कर दिया। घटना में दो लोगों की मौत हुई, जबकि पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है।
पद को लेकर शुरू हुआ विवाद
उज्जैन। कानीपुरा स्थित लक्की दरबार ढाबे पर बुधवार रात करीब 2 बजे करणी सेना से जुड़े दो गुटों के बीच पद को लेकर विवाद हो गया। कहासुनी के बाद एक पक्ष ने अपने साथियों को फोन कर बुलाया। कुछ ही देर में 12-15 लोग हथियार लेकर ढाबे पर पहुंचे और दूसरे गुट पर हमला कर दिया। हमले के दौरान गाड़ियों के शीशे भी तोड़े गए।
हमले में दो लोगों की मौत
घटना में नीमनवासा निवासी राहुल दरबार उर्फ विजय प्रताप (42) गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें उपचार के लिए निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां उनकी मौत हो गई। वहीं, उनके साथी उंडासा निवासी जितेंद्र पवार (35) का शव ढाबे से कुछ दूरी पर झाड़ियों में मिला।
पुलिस विवाद की वजह, दोनों पक्षों की भूमिका और हमले में शामिल लोगों की पहचान की जांच कर रही है।
घायल ने पुलिस को बताई घटना की जानकारी
चरक अस्पताल में भर्ती घायल श्रवण ने पुलिस को बताया कि ढाबे पर शक्ति सिंह और राहुल दरबार के बीच पद को लेकर विवाद हुआ था। दोनों को करणी सेना से जुड़ा बताया जा रहा है। शुरुआत में मौके पर मौजूद लोगों ने विवाद शांत करा दिया था।
आरोप है कि इसके बाद शक्ति सिंह ने सोनू नामक व्यक्ति को फोन कर साथियों को बुलाया। अचानक हुए हमले से ढाबे पर अफरा-तफरी मच गई।
पुलिस ने शुरू की आरोपियों की तलाश
घटना की सूचना मिलते ही चिमनगंज थाना प्रभारी विवेक कनोडिया पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने घटनास्थल की जांच के साथ घायल श्रवण के बयान दर्ज किए हैं। हत्या में शामिल आरोपियों की तलाश की जा रही है।


