खरगोन में MD ड्रग्स तस्करी का भंडाफोड़, 70 ग्राम नशीले पाउडर के साथ तीन आरोपी गिरफ्तार
कोतवाली पुलिस ने कार से महाराष्ट्र ले जा रहे MD ड्रग्स को पकड़ा, तीन आरोपियों पर NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज

दिनेश गीते। जनोदय पंच। खरगोन पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से 70 ग्राम MD ड्रग्स, इलेक्ट्रॉनिक तौल कांटा और परिवहन में प्रयुक्त कार सहित करीब 14 लाख रुपये का मशरूका जब्त किया है।
ऑपरेशन प्रहार के तहत कोतवाली पुलिस की कार्रवाई
खरगोन पुलिस की “ऑपरेशन प्रहार” मुहिम के तहत थाना कोतवाली पुलिस ने अवैध मादक पदार्थ MD ड्रग्स की तस्करी करने वाले तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 70 ग्राम अवैध MD ड्रग्स, इलेक्ट्रॉनिक तौल कांटा और मारुति फ्रोंक्स कार जब्त की है।

पुलिस महानिरीक्षक इंदौर जोन इंदौर (ग्रामीण) अनुराग एवं उप पुलिस महानिरीक्षक निमाड़ रेंज खरगोन सिमाला प्रसाद द्वारा अवैध मादक पदार्थों की तस्करी करने वालों पर निगरानी रखते हुए कार्रवाई के निर्देश दिए गए थे।
निर्देशों के पालन में पुलिस अधीक्षक खरगोन रविन्द्र वर्मा एवं अति. पुलिस अधीक्षक खरगोन (शहर) बिट्टू सहगल ने जिले के सभी अनुविभागीय अधिकारी पुलिस और थाना प्रभारियों को मादक पदार्थों के क्रय-विक्रय तथा नशे से जुड़े मामलों में प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए थे।

मुखबिर सूचना पर पुलिस ने घेराबंदी कर पकड़ी कार
25 अगस्त 2026 को थाना कोतवाली खरगोन पर मुखबिर से सूचना मिली कि सफेद रंग की मारुति सुजुकी फ्रोंक्स कार क्रमांक MP09BQ0412 में तीन व्यक्ति अवैध मादक पदार्थ MD ड्रग्स लेकर कसरावद की ओर से खरगोन होते हुए महाराष्ट्र जा रहे हैं।
सूचना मिलने पर थाना प्रभारी कोतवाली खरगोन निरीक्षक बनवारी लाल मंडलोई के नेतृत्व में पुलिस टीम रवाना की गई। टीम ने ग्राम जामली में खाटू श्याम मंदिर के पास भुसावल-चित्तौड़गढ़ बायपास मार्ग पर वाहनों की निगरानी शुरू की।
कुछ देर बाद मुखबिर के बताए अनुसार सफेद रंग की मारुति सुजुकी फ्रोंक्स कार आती दिखाई दी, जिसे पुलिस टीम ने घेराबंदी कर रोक लिया।
तलाशी में मिली 70 ग्राम MD ड्रग्स
कार में बैठे तीन व्यक्तियों से पूछताछ करने पर उन्होंने अपने नाम तनवीर निवासी अमन नगर खरगोन, शाहनवाज उर्फ शानू निवासी घासपुरा खंडवा हाल मुकाम मुल्लानवाड़ी खरगोन एवं आसिफ निवासी मदीना मस्जिद के पास आजाद नगर, इंदौर बताए।
पुलिस टीम ने साक्षियों के समक्ष कार और तीनों आरोपियों की तलाशी ली। तलाशी के दौरान कार के डेश बोर्ड में दो पारदर्शी प्लास्टिक पन्नियों में सफेद रंग का पदार्थ और एक छोटा इलेक्ट्रॉनिक तौल कांटा मिला।
जांच में सफेद पदार्थ MD ड्रग्स होना पाया गया। दोनों पन्नियों का वजन करने पर एक में 53 ग्राम और दूसरी में 17 ग्राम MD ड्रग्स मिला। कुल 70 ग्राम MD ड्रग्स को नियमानुसार जब्त किया गया।
आरोपियों पर NDPS एक्ट में मामला दर्ज
पुलिस ने तीनों आरोपियों के विरुद्ध थाना कोतवाली खरगोन में अपराध क्रमांक 394/26 धारा 8/22 NDPS एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू की है। आरोपियों को न्यायालय पेश किया जा रहा है, जहां से पुलिस रिमांड प्राप्त कर अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के नेटवर्क और अन्य सप्लायर के संबंध में पूछताछ की जाएगी।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी तनवीर पिता मेहमूद पठान उम्र 27 साल निवासी अमन नगर खरगोन के विरुद्ध पूर्व से 9 अपराध दर्ज हैं। वह गुंडा सूची में शामिल रह चुका है और जिला बदर भी रह चुका है।
जब्त मशरूका और पुलिस टीम
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 70 ग्राम MD ड्रग्स जिसकी कीमत लगभग 7 लाख रुपये है, इलेक्ट्रॉनिक तौल कांटा और परिवहन में प्रयुक्त मारुति फ्रोंक्स कार जिसकी कीमत लगभग 7 लाख रुपये है, जब्त की है। कुल जब्त मशरूके की कीमत करीब 14 लाख रुपये बताई गई है।
इस कार्रवाई में एसडीओपी खरगोन सौरभ तोमर के मार्गदर्शन एवं थाना प्रभारी निरीक्षक बनवारी लाल मंडलोई के नेतृत्व में उनि करणराज जोधा, सउनि मनमोहन सिंह बघेल, प्रआर 455 श्याम पंवार, प्रआर 107 संतोष शुक्ला, आर 865 रामसेवक गुर्जर, आर 660 तेजप्रकाश सिंह सिकरवार, आर 688 मोहन वास्केल तथा साइबर सेल से आर अभिलाष डोंगरे और आर सोनू वर्मा का विशेष योगदान रहा।


