बड़वानी में युवाओं ने पुलिस अधिकारियों को बांधी इको-फ्रेंडली राखी, जन-पुलिस संवाद और पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश
सिनर्जी संस्थान के युवाओं ने एसपी पद्मविलोचन शुक्ल समेत पुलिस स्टाफ को रक्षा सूत्र बांधकर सम्मान जताया

जनोदय पंच। बड़वानी में रक्षाबंधन पर युवाओं ने पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को पर्यावरण-अनुकूल राखियां बांधकर सम्मान जताया। पहल के जरिए पुलिस और जनता के बीच विश्वास व सकारात्मक संबंध मजबूत करने, पर्यावरण संरक्षण का संदेश देने और युवाओं की रचनात्मकता को प्रोत्साहित करने का प्रयास किया गया।
पुलिस अधिकारियों को बांधी इको-फ्रेंडली राखियां
रक्षाबंधन पर्व के अवसर पर सामाजिक संस्था सिनर्जी संस्थान के तत्वावधान में पुलिस अधीक्षक कार्यालय, बड़वानी में विशेष सौहार्द कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में संस्था के युवाओं ने अपने हाथों से तैयार की गई पर्यावरण-अनुकूल राखियों के माध्यम से पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों के प्रति सम्मान व्यक्त किया।
युवाओं ने पुलिस अधीक्षक बड़वानी पद्मविलोचन शुक्ल सहित कार्यालय के समस्त अधिकारी और कर्मचारियों को इको-फ्रेंडली रक्षा सूत्र बांधे। इस दौरान उन्होंने पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों की सुरक्षा, सुख-समृद्धि एवं दीर्घायु की कामना की।

जन-पुलिस समन्वय और पर्यावरण संरक्षण का संदेश
कार्यक्रम का उद्देश्य आम जनता, विशेषकर युवाओं और पुलिस प्रशासन के बीच आपसी विश्वास, सम्मान और सकारात्मक संबंधों को मजबूत करना रहा। इसके साथ ही प्लास्टिक-मुक्त और पर्यावरण-हितैषी राखियों के उपयोग के माध्यम से समाज में स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता फैलाने का संदेश दिया गया।

पहल के जरिए स्थानीय युवाओं की हस्तकला और रचनात्मक सोच को बढ़ावा देने पर भी जोर दिया गया। युवाओं द्वारा स्वयं तैयार की गई राखियां कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण रहीं।
एसपी पद्मविलोचन शुक्ल ने की पहल की सराहना
पुलिस अधीक्षक पद्मविलोचन शुक्ल ने कहा, “सुरक्षित एवं भयमुक्त समाज के निर्माण के लिए पुलिस और जनता के बीच प्रगाढ़ संबंध आवश्यक हैं। युवाओं की यह इको-फ्रेंडली पहल न केवल पर्यावरण संरक्षण का बेहतरीन संदेश देती है, बल्कि पुलिस और समाज के बीच अपनत्व एवं विश्वास की डोर को भी मजबूत करती है।”

पुलिस अधिकारियों ने युवाओं की पहल को सराहा
कार्यक्रम में उपस्थित पुलिस अधिकारियों ने युवाओं के इस प्रयास की सराहना की और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। आयोजन के माध्यम से पुलिस प्रशासन और युवा वर्ग के बीच सकारात्मक संवाद स्थापित करने की दिशा में पहल की गई।

