सेंधवा के मौसम चौराहे की संकरी पुलिया बन रही जाम की वजह, अनुसूचित जनजाति आयोग के राष्ट्रीय अध्यक्ष आर्य ने चौड़ीकरण के लिए लिखा पत्र
बढ़ते यातायात दबाव और दो प्रमुख मार्गों के क्रॉसिंग से परेशानी, संबंधित विभाग से तकनीकी सर्वे और चौड़ीकरण की मांग

जनोदय पंच। सेंधवा के मौसम चौराहे की करीब 7 मीटर चौड़ी पुलिया बढ़ते यातायात दबाव के बीच संकरी पड़ रही है। दो प्रमुख मार्गों के क्रॉसिंग से यहां बार-बार जाम लग रहा है। पुलिया पर दुर्घटना की आशंका को देखते हुए चौड़ीकरण की मांग की गई है।
नगर के प्रमुख मौसम चौराहे पर स्थित पुलिया बढ़ते यातायात दबाव के कारण छोटी पड़ने लगी है। पुलिया की चौड़ाई कम होने के साथ सेंधवा-खेतिया मार्ग और सेंधवा-बड़वानी-कुशलगढ़ मार्ग के क्रॉसिंग के कारण यहां आए दिन यातायात बाधित होता है। कई बार वाहनों की लंबी कतार लगने से लोगों को आधे-आधे घंटे तक परेशानी का सामना करना पड़ता है। यातायात दबाव के बीच दुर्घटना की आशंका भी बनी रहती है।
इसी समस्या को लेकर भाजपा प्रवक्ता सुनील अग्रवाल ने बुधवार को अनुसूचित जनजाति आयोग के राष्ट्रीय अध्यक्ष अंतरसिंह आर्य से मुलाकात की। उन्होंने मौसम चौराहे की पुलिया की चौड़ाई बढ़ाने के लिए आवश्यक कार्यवाही की मांग रखी। अग्रवाल ने बताया कि वर्तमान में पुलिया की चौड़ाई लगभग 7 मीटर है, जो लगातार बढ़ते यातायात और भारी वाहनों की आवाजाही के कारण पर्याप्त नहीं रह गई है।
राष्ट्रीय अध्यक्ष ने संबंधित विभाग को लिखा पत्र
मामले को गंभीरता से लेते हुए राष्ट्रीय अध्यक्ष अंतरसिंह आर्य ने संबंधित विभाग एवं मंत्रालय को पत्र लिखकर आवश्यक कार्यवाही के लिए अवगत कराया है। पत्र में पुलिया का तकनीकी सर्वे कराने, चौड़ाई बढ़ाने का प्रस्ताव तैयार कराने और सेंधवा-खेतिया मार्ग के वर्तमान चौड़ीकरण कार्य में पुलिया को शामिल कराने की मांग की गई है।
दो प्रमुख मार्गों का होता है क्रॉसिंग
भाजपा प्रवक्ता सुनील अग्रवाल ने बताया कि सेंधवा-खेतिया मार्ग राष्ट्रीय राजमार्ग 752 से जुड़ा हुआ है। इसी स्थान के समीप सेंधवा-बड़वानी-कुशलगढ़ मार्ग का भी क्रॉसिंग है। दोनों मार्गों पर लगातार बढ़ते यातायात के कारण मौसम चौराहे की पुलिया पर वाहनों का दबाव बढ़ गया है। विशेषकर भारी वाहनों के आवागमन के दौरान पुलिया के दोनों ओर यातायात रुकने से जाम की स्थिति बनती है।

अग्रवाल के अनुसार जाम से स्थानीय नागरिकों, वाहन चालकों और राहगीरों को परेशानी होती है। संकरी पुलिया पर दो बड़े वाहनों के एक साथ निकलने के दौरान दुर्घटना की संभावना भी बनी रहती है।
चौड़ीकरण कार्य में नगर और पुलिया शामिल नहीं
अग्रवाल ने बताया कि राष्ट्रीय राजमार्ग विभाग द्वारा सेंधवा-खेतिया मार्ग के चौड़ीकरण की प्रक्रिया में सड़क के दोनों ओर लगभग डेढ़-डेढ़ मीटर चौड़ाई बढ़ाकर शोल्डर बिछाने के कार्य के टेंडर किए गए हैं। इसमें सेंधवा नगर क्षेत्र को शामिल नहीं किया गया है। साथ ही मौसम चौराहे की महत्वपूर्ण पुलिया को भी प्रस्तावित चौड़ीकरण कार्य में शामिल नहीं किया गया है।
उन्होंने कहा कि यदि अभी मार्ग का चौड़ीकरण किया जा रहा है तो भविष्य की आवश्यकता को देखते हुए मौसम चौराहे की पुलिया का भी चौड़ीकरण किया जाना आवश्यक है। अन्यथा सड़क चौड़ी होने के बाद भी पुलिया संकरी रहने से यातायात की समस्या बनी रहेगी।
पूर्व में हुआ था मौका निरीक्षण
अग्रवाल ने बताया कि मौसम चौराहे पर बार-बार लगने वाले जाम और यातायात संबंधी परेशानी को लेकर पूर्व में समाचार पत्रों में समाचार प्रकाशित हुए थे। इसके बाद जिला कलेक्टर ने पुलिया की चौड़ाई बढ़ाने के संबंध में नगर पालिका के सीएमओ को आवश्यक कार्यवाही के लिए अवगत कराया था। इसके बाद तहसीलदार ने मौके का निरीक्षण किया था।
मौका निरीक्षण के बाद नगर पालिका ने पुलिया के आसपास रहने वाले लोगों और दुकानदारों को नोटिस जारी कर स्वेच्छित रूप से अतिक्रमण हटाने के लिए कहा था, ताकि पुलिया के चौड़ीकरण की दिशा में आगे की कार्यवाही की जा सके। हालांकि, इसके बाद अब तक कोई ठोस कार्यवाही आगे नहीं बढ़ सकी है।
स्थायी समाधान के लिए छह बिंदुओं पर मांग
अग्रवाल ने राष्ट्रीय अध्यक्ष अंतरसिंह आर्य से संबंधित राष्ट्रीय राजमार्ग, सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय तथा संबंधित राज्य विभाग से समन्वय कर पुलिया चौड़ीकरण को प्रस्तावित कार्य में शामिल कराने की मांग की है। मांगों में तकनीकी सर्वे, चौड़ीकरण का प्रस्ताव, भूमि और अतिक्रमण संबंधी कार्यवाही तथा समयबद्ध कार्यवाही रिपोर्ट प्राप्त करने की बात शामिल है।
अनुसूचित जनजाति आयोग के राष्ट्रीय अध्यक्ष अंतरसिंह आर्य ने कहा, “इस संबंध में केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी व संबंधित अधिकारियों को पत्र लिखकर आवश्यक कार्यवाही की जावेगी। मैंने भी अपने दौरे के दौरान यह समस्या देखी है। यह अति आवश्यक है।”
ज्ञापन के दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष अजय यादव, महामंत्री विकास आर्य, विवेक छाबड़ा, राजू चौधरी, अशोक नुवाल और सचिन शर्मा सहित अन्य मौजूद थे।



