
जनोदय पंच। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष के एक दिवसीय दौरे के दौरान संगठनात्मक बैठकों और सेवा संकल्प अभियान के कार्यों की समीक्षा की गई। इस दौरान नेताओं और कार्यकर्ताओं को पद के अहंकार से दूर रहने, पुराने कार्यकर्ताओं के संघर्ष और त्याग का सम्मान करने तथा संगठन की मूल विचारधारा को बनाए रखने का संदेश दिया गया।
पद स्थायी नहीं, आचरण महत्वपूर्ण
भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल अपने एक दिवसीय दौरे पर इंदौर पहुंचे। उन्होंने संगठनात्मक बैठकों में हिस्सा लिया और सेवा संकल्प अभियान के तहत चल रहे कार्यों की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने मंच से नेताओं और कार्यकर्ताओं को स्पष्ट संदेश देते हुए कहा कि अहंकार से दूर रहें, क्योंकि पद आज है, कल नहीं। आचरण नहीं बदला तो इतिहास माफ नहीं करेगा।

पुराने कार्यकर्ताओं के संघर्ष को याद रखने की नसीहत
हेमंत खंडेलवाल ने संबोधन में कहा कि आज कोई अध्यक्ष, मंत्री या विधायक के पद पर हो सकता है, लेकिन यह पद हमेशा नहीं रहने वाला। पद मिलने के पहले भी जीवन था और पद के बाद भी जीवन रहेगा। उन्होंने पार्टी के संघर्ष के दिनों को याद करते हुए कहा कि एक समय मंडल स्तर पर दो कार्यकर्ता भी मुश्किल से मिलते थे, लेकिन आज पार्टी की मेहनत से हर बूथ पर कार्यकर्ताओं की मजबूत फौज खड़ी है।

पुराने लोगों की तपस्या से मिली सफलता
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि संगठन की वर्तमान सफलता पुराने कार्यकर्ताओं की तपस्या का परिणाम है। यदि उनके त्याग को भुला दिया गया, तो पार्टी अपनी मूल दिशा से भटक जाएगी। उन्होंने कहा कि आने वाली पीढ़ी देश को सुरक्षित और आतंकवाद मुक्त बनाने वाली विचारधारा के लिए काम करने वाले वर्तमान कार्यकर्ताओं को फ्रीडम फाइटर के परिवार की तरह सम्मान देगी।
संगठनात्मक गतिविधियों और आगामी कार्यक्रमों पर चर्चा
दौरे के दौरान हेमंत खंडेलवाल ने स्थानीय जनप्रतिनिधियों के साथ संगठनात्मक गतिविधियों की समीक्षा की और आगामी कार्यक्रमों को लेकर चर्चा की। मीडिया से बातचीत में उन्होंने राजनीतिक मुद्दों पर भी अपनी बात रखी। उन्होंने स्पष्ट किया कि पार्टी संगठन को और अधिक मजबूत बनाने के लिए लगातार जमीन पर काम कर रही है।



