
जनोदय पंच। इंदौर में छत्रीपुरा थाना पुलिस ने राहगीरों को धारदार हथियार दिखाकर डराने के आरोप में एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से साढ़े 13 इंच लंबा लोहे का छुरा बरामद किया। आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर हथियार के स्रोत की जांच की जा रही है।
मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने की कार्रवाई
इंदौर के छत्रीपुरा थाना क्षेत्र में पुलिस ने गंगवाल बस स्टैंड के पास स्थित वैद्य ख्यालीराम के बगीचे के खाली मैदान में कार्रवाई कर आकाश वर्मा को गिरफ्तार किया। पुलिस के मुताबिक, मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक युवक अवैध छुरा लेकर घूम रहा है और वहां से गुजरने वाले लोगों को हथियार दिखाकर डरा-धमका रहा है। सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर संदिग्ध युवक को पकड़ लिया।
कमर से बरामद हुआ साढ़े 13 इंच लंबा छुरा
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में युवक ने अपना नाम आकाश पिता प्रकाश वर्मा, निवासी लोधा कॉलोनी, छत्रीपुरा बताया। तलाशी के दौरान उसकी कमर से लोहे का धारदार और नुकीला डिजाइनर छुरा बरामद किया गया। इसकी लंबाई साढ़े 13 इंच बताई गई है।
आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज
पुलिस ने आकाश वर्मा को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट की धारा 25 के तहत प्रकरण दर्ज किया है। अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी हथियार कहां से लाया था और क्या उसका इस्तेमाल किसी आपराधिक वारदात में करने की योजना थी।



