खरगोन-बड़वानी

बड़वानी में पटाखा दुकानदारों का विरोध, आठ को नोटिस मिलने पर बंद किया बाजार; जनप्रतिनिधियों की समझाइश के बाद खुलीं दुकानें

दशहरा मैदान में प्रशासन की कार्रवाई के विरोध में शाम 4 बजे से शुरू हुआ प्रदर्शन, एसडीएम से चर्चा के बाद रविवार को नोटिस का जवाब देने पर बनी सहमति।

 जनोदय पंच। बड़वानी के दशहरा मैदान में पटाखा दुकानों को प्रशासन की ओर से नोटिस जारी किए जाने के विरोध में व्यापारियों ने बाजार बंद कर प्रदर्शन किया। करीब तीन घंटे तक दुकानें बंद रहने से खरीदारी प्रभावित हुई। जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों की समझाइश के बाद व्यापारियों ने दुकानें खोल दीं।

आठ दुकानदारों को जारी किए गए थे नोटिस

दशहरा मैदान में दीपावली के लिए 48 पटाखा दुकानें लगाई गई हैं। प्रशासन की टीम ने बाजार का निरीक्षण किया था। इस दौरान आठ दुकानों में अनियमितताएं मिलने पर संबंधित दुकानदारों को नोटिस जारी किए गए। इनमें दुकानों के बीच निर्धारित तीन मीटर की दूरी नहीं होना, मौके पर लाइसेंस नहीं मिलना, स्थानीय भाषा में चेतावनी बोर्ड नहीं लगाना और अग्नि सुरक्षा के नियमों का पालन नहीं होना जैसी कमियां बताई गईं।

व्यापारी अभिषेक दीक्षित ने बताया कि एसडीएम कार्यालय की ओर से पटवारी के माध्यम से आठ दुकानदारों को नोटिस दिए गए हैं। व्यापारियों का कहना है कि मैदान में सभी 48 दुकानों की व्यवस्था लगभग एक जैसी है। ऐसे में यदि कमियां हैं तो सभी दुकानों पर समान नियम लागू किए जाने चाहिए।

एसडीएम ने बताई निरीक्षण में मिली कमियां

एसडीएम भूपेंद्र रावत ने बताया कि दशहरा मैदान में पटाखा बिक्री के लिए 50 लाइसेंस जारी किए गए हैं। लाइसेंस जारी होने के बाद प्रशासनिक टीम ने बाजार का निरीक्षण किया था। इस दौरान कुछ दुकानों पर लाइसेंसधारी के स्थान पर दूसरे लोग दुकान संचालित करते मिले। वहीं, कुछ दुकानों में अग्नि सुरक्षा के जरूरी साधन भी उपलब्ध नहीं थे।

उन्होंने बताया कि जिन दुकानों में कमियां मिलीं, उनमें से आठ दुकानदारों को नोटिस देकर सुधार के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन का उद्देश्य सुरक्षा नियमों का पालन सुनिश्चित कराना है।

शाम 4 बजे बंद किया बाजार, ग्राहक लौटे

शनिवार दोपहर नोटिस मिलने के बाद शाम करीब 4 बजे पटाखा व्यापारी एकत्रित हुए और विरोध जताते हुए सभी दुकानें बंद कर दीं। शाम 5 बजे तक पूरा बाजार बंद रहा। शहर और आसपास के गांवों से परिवारों के साथ पटाखे खरीदने पहुंचे लोगों को दुकानें बंद मिलीं। कई ग्राहक बिना खरीदारी किए लौट गए।

विधायक और पूर्व मंत्री ने की समझाइश

व्यापारियों के विरोध की जानकारी मिलने पर बड़वानी विधायक राजन मंडलोई मौके पर पहुंचे और एसडीएम भूपेंद्र रावत से चर्चा की। शाम करीब 7 बजे तहसीलदार राहुल सोलंकी और कोतवाली प्रभारी बलजीत सिंह बिसेन भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने व्यापारियों से दुकानें खोलने और रविवार को प्रशासन को नोटिस का जवाब देने की बात कही।

इस दौरान पूर्व कैबिनेट मंत्री प्रेमसिंह पटेल भी दशहरा मैदान पहुंचे। उन्होंने व्यापारियों से चर्चा कर उन्हें समझाइश दी और दुकानें खोलने की बात कही। अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों की समझाइश के बाद पटाखा व्यापारियों ने प्रदर्शन समाप्त कर दुकानें खोल दीं।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!