बड़वानी: भूलगांव राशन दुकान में हजारों किलो खाद्यान्न गायब, चार माह का राशन भी हड़पा; तीन लोगों पर एफआईआर
गेहूं 6,893 किलो, चावल 1,543 किलो और नमक-शक्कर का स्टॉक भी कम मिला, बायोमेट्रिक से राशन निकालने के बाद उपभोक्ताओं को नहीं दिया अनाज

जनोदय पंच। बड़वानी। गरीब उपभोक्ताओं के हिस्से का राशन आखिर कहां गया? सरकारी रिकॉर्ड में वितरण की प्रक्रिया पूरी होती रही, लेकिन उपभोक्ताओं को अनाज नहीं मिला। जांच में उचित मूल्य दुकान पर हजारों किलो खाद्यान्न कम पाया गया। चार महीने के राशन वितरण में भी गड़बड़ी सामने आने के बाद संबंधितों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई गई है।
जांच में हजारों किलो खाद्यान्न का स्टॉक कम मिला
उचित मूल्य दुकान भूलगांव में राशन वितरण में गड़बड़ी की उपभोक्ताओं द्वारा शिकायत की गई थी। इसके बाद दुकान की जांच के लिए संयुक्त जांच दल गठित किया गया। 16 अक्टूबर 2026 को कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी भूरमल बामनिया, कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी लवीना सोलंकी और सहकारिता निरीक्षक जगन्नाथ जमरे ने दुकान का निरीक्षण किया।
जांच के दौरान दुकान के खाद्यान्न स्टॉक में गेहूं 6,893 किलोग्राम, चावल 1,543 किलोग्राम, नमक 369 किलोग्राम और शक्कर 31 किलोग्राम कम पाई गई। जांच में इस खाद्यान्न का अवैध विक्रय किया जाना पाया गया।
बायोमेट्रिक से निकाला राशन, उपभोक्ताओं को नहीं दिया
जांच में एक और गंभीर अनियमितता सामने आई। विक्रेता और सहायक विक्रेता द्वारा उपभोक्ताओं के नाम पर बायोमेट्रिक प्रक्रिया से चार माह का राशन निकाला गया, लेकिन उपभोक्ताओं को राशन दिया ही नहीं गया। यानी वितरण की प्रक्रिया पूरी होने के बावजूद उपभोक्ता अपने हिस्से के अनाज से वंचित रहे।
अध्यक्ष, विक्रेता और सहायक विक्रेता पर एफआईआर
बजरंग बली स्व. सहायता समूह भूलगांव द्वारा संचालित उचित मूल्य दुकान के मामले में समूह अध्यक्ष श्रीमती सुरमी बाई पति अतुल आर्य, विक्रेता रितिका पिता अतुल आर्य और सहायक विक्रेता सुमित पिता अतुल आर्य के विरुद्ध कार्रवाई की गई है।
इनका कृत्य मध्य प्रदेश सार्वजनिक वितरण प्रणाली नियंत्रण आदेश 2015 की कंडिका 11(9), 13(2) एवं 18 का स्पष्ट उल्लंघन पाए जाने पर कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी लवीना सोलंकी ने 23 नवंबर 2026 को पुलिस थाना पलसूद, तहसील राजपुर में संबंधितों के विरुद्ध एफआईआर दर्ज कराई।
सवाल यह है कि उपभोक्ताओं के हिस्से का राशन कहां गया?
जब बायोमेट्रिक से चार माह का राशन निकाला गया तो उपभोक्ताओं को अनाज क्यों नहीं मिला? हजारों किलो खाद्यान्न स्टॉक से कम कैसे हो गया? सरकारी राशन वितरण व्यवस्था में सामने आई इन अनियमितताओं ने व्यवस्था की निगरानी पर सवाल खड़े कर दिए हैं।



