सेंधवा

सेंधवा में आधी रात छात्रावास से निकले चार बच्चे, 7 किमी दूर बस स्टैंड पर मिले; सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

जामली के गायत्री धाम स्कूल एवं छात्रावास से बिना बताए निकले थे चारों नाबालिग, रात एक बजे पुलिस ने किया दस्तयाब, शिक्षक को सौंपा

जनोदय पंच। सेंधवा। शहर से करीब सात किलोमीटर दूर स्थित छात्रावास से चार नाबालिग बच्चे रात में बिना बताए बाहर निकल गए। करीब एक बजे चारों बच्चे बस स्टैंड क्षेत्र में अकेले घूमते मिले। पुलिस ने उन्हें सुरक्षित दस्तयाब कर शिक्षक के सुपुर्द कर दिया। घटना ने छात्रावास की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

छात्रावास से निकलकर बस स्टैंड पहुंचे बच्चे

जामली टोल टैक्स के समीप स्थित गायत्री धाम स्कूल एवं छात्रावास में रहने वाले चार नाबालिग बच्चे 23-24 नवंबर 2026 की दरमियानी रात बिना किसी को बताए छात्रावास से बाहर निकल गए थे। थाना सेंधवा शहर की रात्रि गश्त टीम क्षेत्र में भ्रमण कर रही थी। इस दौरान रात्रि करीब एक बजे नया बस स्टैंड क्षेत्र में चार छोटे बच्चे अकेले घूमते दिखाई दिए।

पुलिस टीम में उपनिरीक्षक श्री कृष्णा मंडलोई, प्रधान आरक्षक इसराम चौहान एवं प्रधान आरक्षक सुनील धुर्वे शामिल थे। पुलिसकर्मियों ने बच्चों के पास पहुंचकर आत्मीयता से उनका नाम और पता पूछा। बच्चों की पहचान ग्राम धवली, ग्राम बामनिया फल्या, ग्राम हिंगवा और ग्राम आछली निवासी के रूप में हुई है।

घर की याद आने पर छोड़ दिया था छात्रावास

पुलिस के मुताबिक प्रारंभिक पूछताछ में पता चला कि चारों बच्चे जामली स्थित गायत्री धाम स्कूल एवं छात्रावास में रहकर पढ़ाई करते हैं। सुरक्षा की दृष्टि से पुलिस टीम उन्हें तत्काल थाना सेंधवा शहर लेकर पहुंची। थाने पर आत्मीयता से काउंसलिंग और पूछताछ करने पर बच्चों ने बताया कि छात्रावास में मन नहीं लगने और घर की याद आने के कारण वे रात में बिना किसी को बताए बाहर निकल आए थे।

शिक्षक को बुलाकर किया सुपुर्द

पुलिस ने तत्काल गायत्री धाम स्कूल के शिक्षक श्री छतरसिंह (पिता जागीराम सस्ते, निवासी गायत्री धाम) से संपर्क कर उन्हें थाने बुलाया। बच्चों एवं शिक्षक को आवश्यक समझाइश देने और सभी वैधानिक औपचारिकताएं पूरी करने के बाद चारों बच्चों को सकुशल शिक्षक के सुपुर्द कर रवाना किया गया।

छात्रावास की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल

चारों बच्चे जामली स्थित छात्रावास से निकलकर करीब सात किलोमीटर दूर सेंधवा के बस स्टैंड क्षेत्र तक कैसे पहुंच गए, यह सवाल घटना के बाद उठ रहा है। रात के समय चार छोटे बच्चों का छात्रावास से बाहर निकलना और इतनी दूर तक पहुंच जाना गंभीर सवाल खड़े करता है। यदि इस दौरान बच्चों के साथ कोई अनहोनी हो जाती तो इसकी जिम्मेदारी किसकी होती?

पूरी कार्रवाई थाना प्रभारी निरीक्षक श्री दिनेश सिंह कुशवाह के नेतृत्व में हुई। इसमें उपनिरीक्षक श्री कृष्णा मंडलोई, प्रधान आरक्षक इसराम चौहान एवं प्रधान आरक्षक सुनील धुर्वे की सराहनीय भूमिका रही।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!