सेंधवा: चालक-परिचालकों की समस्याओं पर 8 फरवरी को भोपाल में उमड़ेगा सैलाब
मध्य प्रदेश चालक परिचालक कल्याण संघ की प्रांतीय बैठक 8 फरवरी को भोपाल में होगी, बैठक में नई कार्यकारिणी गठन और लंबित मांगों पर आंदोलन की रूपरेखा तय होगी।

जनोदय पंच. मध्य प्रदेश चालक परिचालक कल्याण संघ की प्रांतीय बैठक 8 फरवरी 2026 को भोपाल के इंटक भवन में होगी। सेंधवा से प्रदेश उपाध्यक्ष कृष्णा दीक्षित ने बताया कि कोरोना के बाद पहली बार सभी पदाधिकारी प्रत्यक्ष मिलेंगे। लाइसेंस पोर्टल, फीस वृद्धि और योजनाओं पर रोष रहेगा।
सेंधवा। मध्य प्रदेश चालक परिचालक कल्याण संघ की एक महत्वपूर्ण प्रांतीय बैठक आगामी 8 फरवरी 2026 रविवार को राजधानी भोपाल के इंटक भवन में सुबह 11 बजे आयोजित की जाएगी। बैठक में प्रदेश के प्रत्येक जिले से पदाधिकारी शामिल होंगे।
सेंधवा से प्रदेश उपाध्यक्ष कृष्णा दीक्षित ने बताया कि कोरोना काल के लंबे अंतराल के बाद यह पहली बार है, जब संगठन के सभी पदाधिकारी प्रत्यक्ष रूप से एक मंच पर एकत्रित हो रहे हैं। उन्होंने बताया कि अब तक केवल वर्चुअल माध्यम से संवाद हो पा रहा था। बैठक में नई कार्यकारिणी का गठन करने के साथ भविष्य के संघर्ष की रणनीति तैयार की जाएगी।
परिवहन विभाग पर आरोप, नए पोर्टल में बताई खामियां
संगठन के नेताओं ने परिवहन विभाग के अधिकारियों पर गंभीर आरोप लगाए। उनका कहना है कि विभाग की हठधर्मिता और कुंभकर्णी नींद के कारण प्रदेश का चालक-परिचालक वर्ग खुद को ठगा सा महसूस कर रहा है। कृष्णा दीक्षित के अनुसार, विभाग के नए पोर्टल में खामियों की भरमार है, जिसके कारण चालक-परिचालक न तो नए लाइसेंस बनवा पा रहे हैं और न ही पुराने रिन्यू हो रहे हैं।
उन्होंने बताया कि ऑनलाइन फीस जमा करने में भी तकनीकी बाधाएं आ रही हैं। ड्राइवरों के लाइसेंस नवीनीकरण शुल्क में 55 प्रतिशत की बढ़ोतरी कर दी गई है। स्मार्ट कार्ड के नाम पर वसूली तो की जा रही है, लेकिन कार्ड उपलब्ध नहीं हो रहे हैं।
2014 की घोषणाओं के क्रियान्वयन न होने पर रोष
बैठक में 17 फरवरी 2014 को तत्कालीन मुख्यमंत्री द्वारा घोषित कल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन न होने पर भी कड़ा रोष जताया जाएगा। संघ का कहना है कि 13 वर्ष बीत जाने के बाद भी श्री सारथी पुरस्कार जैसी सम्मानजनक योजनाएं ठंडे बस्ते में हैं और आज तक एक भी चालक को इस सम्मान राशि से नवाजा नहीं गया है।
परिवहन निगम की बसों के संचालन पर भी चर्चा
मध्य प्रदेश राज्य परिवहन निगम की बसों के पुनः संचालन की चर्चा के बीच निजी बसों में कार्यरत कर्मियों के रोजगार और भविष्य को लेकर भी बैठक में गहन विचार-विमर्श होगा। संघ ने कहा कि सेंधवा सहित प्रदेश के विभिन्न जिलों से आने वाले पदाधिकारी इस बैठक के माध्यम से सरकार तक अपनी आवाज बुलंद करेंगे।



