सेंधवा में लूट-डकैती स्थल पर पहुंचे नवागत एसपी, जांच की बारीकी से समीक्षा, सेंधवा के सेमलिया अगरबत्ती कारखाने में हुई वारदात पर सख्त रुख
फिंगरप्रिंट एक्सपर्ट की टीम जुटी साक्ष्य संकलन में, अधिकारियों को सुदृढ़ रणनीति के निर्देश

जनोदय पंच सेंधवा। सेंधवा ग्रामीण थाना क्षेत्र के सेमलिया में अगरबत्ती कारखाने में हुई लूट-डकैती के बाद पुलिस अधीक्षक ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच की समीक्षा की। प्रकरण में पांच आरोपी गिरफ्तार किए जा चुके हैं और साक्ष्य संकलन की कार्रवाई जारी है।
घटनास्थल का निरीक्षण और समीक्षा
नवागत पुलिस अधीक्षक पद्म विलोचन शुक्ल ने बुधवार को सेंधवा का दौरा कर ग्रामीण थाना क्षेत्र के सेमलिया स्थित अगरबत्ती कारखाने में मंगलवार सुबह हुई लूट-डकैती की घटना के घटनास्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने मौके पर पहुंचकर घटनाक्रम की बारीकी से जानकारी ली और फरियादी से विस्तृत चर्चा कर पूरी घटना को समझा। निरीक्षण के दौरान घटनास्थल की परिस्थितियों का अवलोकन करते हुए विवेचना की प्रगति की समीक्षा की गई।

इस अवसर पर थाना प्रभारी सेंधवा ग्रामीण ओम प्रकाश चागौड़ एवं एसडीओपी सेंधवा अजय वाघमारे उपस्थित रहे। पुलिस अधीक्षक द्वारा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए गए तथा भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए सुदृढ़ रणनीति अपनाने के निर्देश दिए गए।
मीडिया से चर्चा, साक्ष्य संकलन जारी
मीडिया से चर्चा में पद्म विलोचन शुक्ल ने बताया कि मामले में किसी स्थानीय व्यक्ति की संलिप्तता से इनकार नहीं किया जा सकता। फिंगरप्रिंट एक्सपर्ट सहित विशेषज्ञ टीम घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने में लगी है। उन्होंने स्पष्ट किया कि घटना में शामिल किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा और सभी को शीघ्र गिरफ्तार किया जाएगा।

10 घंटे में खुलासा, महाराष्ट्र से गिरफ्तारी
गौरतलब है कि थाना सेंधवा ग्रामीण पुलिस ने तत्परता और प्रभावी कार्रवाई करते हुए लूट-डकैती के प्रकरण का 10 घंटे के भीतर पर्दाफाश किया। महाराष्ट्र पुलिस की मदद से पांच आरोपियों को महाराष्ट्र राज्य के शिरपुर क्षेत्र से गिरफ्तार कर देर रात सेंधवा लाया गया। आरोपियों के कब्जे से लूटा गया मसरूका तथा दो कारें बरामद की गई हैं। प्रारंभिक जांच में आरोपियों के वन संपदा चोरी और मारपीट जैसी अन्य आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त होने की जानकारी भी सामने आई है। प्रकरण में आरोपियों से विस्तृत पूछताछ जारी है तथा अन्य संभावित संलिप्त व्यक्तियों के संबंध में जांच की जा रही है। बड़वानी पुलिस कानून-व्यवस्था बनाए रखने और अपराधियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई के लिए प्रतिबद्ध है।



