सेंधवा। अग्रवाल समाज के दो होनहार बने चार्टर्ड अकाउंटेंट, समाज में हर्ष का माहौल

सेंधवा। अग्रवाल समाज के होनहार युवाओं आयुष श्याम गर्ग एवं दिव्यांश केदार खंडेलवाल ने चार्टर्ड अकाउंटेंट (सीए) की कठिन परीक्षा उत्तीर्ण कर चार्टर्ड अकाउंटेंट बनने की उपलब्धि हासिल की है। उनकी इस सफलता से अग्रवाल समाज सहित पूरे नगर में हर्ष का माहौल है। समाजजनों ने दोनों प्रतिभाशाली युवाओं को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।
इस अवसर पर समाज के सुनील अग्रवाल ने बताया कि अग्रवाल समाज में शिक्षा को सदैव विशेष महत्व दिया जाता रहा है। समाज के युवा निरंतर शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर नई उपलब्धियां हासिल कर रहे हैं, जो समाज के अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणास्रोत है। सेंधवा के अग्रवाल समाज के कई युवा पूर्व में भी सीए बनकर देश के विभिन्न क्षेत्रों में अपनी सेवाएं दे रहे हैं और समाज का नाम रोशन कर रहे हैं। अब आयुष गर्ग एवं दिव्यांश खंडेलवाल की इस उपलब्धि ने समाज को एक और गौरवपूर्ण उपलब्धि प्रदान की है।
अग्रवाल समाज के अध्यक्ष श्यामसुंदर तायल, कैलाश एरन, गिरधारी गोयल, द्वारिकाप्रसाद तायल, शंकरलाल गोयल, राकेश एरन, राहुल गर्ग, सौरभ तायल, सुनील अग्रवाल, महेश गर्ग एवं निलेश अग्रवाल सहित समाज के अनेक पदाधिकारियों एवं समाजजनों ने दोनों होनहार युवाओं को बधाई देते हुए बताया कि उनकी इस उपलब्धि पर आगामी अग्रसेन जयंती के अवसर पर अग्रवाल समाज द्वारा उन्हें सम्मानित किया जाएगा। समाजजनों ने कहा कि इन युवाओं की सफलता से समाज के अन्य विद्यार्थियों को भी उच्च शिक्षा प्राप्त कर जीवन में आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलेगी।



