सेंधवा शहर की 4 ईदगाहों पर तय समय पर अदा होगी ईद-उल-फितर की नमाज

जनोदय पंच। सेंधवा शहर में आगामी ईद पर्व के आयोजन को लेकर आम मुस्लिम जमात द्वारा प्रशासन को ज्ञापन देकर सूचना दी गई है। पत्र के माध्यम से त्योहार को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने का अनुरोध किया गया है।
सेंधवा स्थित आम मुस्लिम जमात द्वारा अनुविभागीय अधिकारी को प्रेषित पत्र में बताया गया है कि आगामी ईद पर्व (चांद नजर आने पर) शहर में पारंपरिक रूप से मनाया जाएगा। इस अवसर पर मुस्लिम समुदाय द्वारा विभिन्न धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिनमें विशेष रूप से नमाज अदा करना, आपसी मेल-मिलाप और सामाजिक गतिविधियां शामिल रहेंगी।
पत्र में प्रशासन से आग्रह किया गया है कि पर्व के दौरान क्षेत्र में आवश्यक प्रशासनिक व्यवस्थाएं और शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए उचित दिशा-निर्देश प्रदान किए जाएं, ताकि ईद का त्योहार शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हो सके।
साथ ही जानकारी दी गई है कि ईद-उल-फितर की नमाज शहर की चार ईदगाहों पर निर्धारित समयानुसार अदा की जाएगी। इसके अनुसार अहले सुन्नत शाह मिस्किन नूरानी मस्जिद मोतीबाग, सेंधवा और मदिना मस्जिद खलवाड़ी मोहल्ला, सेंधवा में सुबह 8 बजे नमाज अदा होगी। वहीं अहले सुन्नत मदनी ईदगाह घोड़े शाह वली बाबा मोहल्ला में सुबह 8.30 बजे और अहले सुन्नत हनफिया ईदगाह मैकेनिक नगर पिपलधार, सेंधवा में सुबह 9 बजे नमाज का समय निर्धारित किया गया है।
इन सभी स्थानों पर अलग-अलग इमामों द्वारा नमाज अदा कराई जाएगी। अहले सुन्नत शाह मिस्किन नूरानी मस्जिद मोतीबाग में मौलाना हाजी अतहर बेग कादरी साहब द्वारा, मदिना मस्जिद खलवाड़ी मोहल्ला में हजरत मौलाना खलील साहब द्वारा, अहले सुन्नत मदनी ईदगाह घोड़े शाह वली बाबा मोहल्ला में मौलाना अशफाक रजा साहब द्वारा और अहले सुन्नत हनफिया ईदगाह मैकेनिक नगर पिपलधार में हजरत मौलाना शाने आलम कादरी साहब द्वारा द्वारा नमाज अदा कराई जाएगी। आयोजन को लेकर समुदाय द्वारा प्रशासन से सहयोग की अपेक्षा जताई गई है, ताकि त्योहार के दौरान किसी प्रकार की असुविधा या अव्यवस्था उत्पन्न न हो।



