सेंधवा: शातिर मोबाइल चोर गिरफ्तार, 8 मोबाइल बरामद, पुलिस की बड़ी कार्रवाई, CCTV के आधार पर मोबाइल चोर गिरफ्तार
भीड़भाड़ वाले इलाकों में मोबाइल चोरी करने वाले आरोपी को पुलिस ने घेराबंदी कर दबोचा

जनोदय पंच। सेंधवा शहर पुलिस ने मोबाइल चोरी की घटनाओं का खुलासा करते हुए एक शातिर आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 8 मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। कार्रवाई CCTV फुटेज और मुखबिर सूचना के आधार पर की गई।
मोबाइल चोरी की घटनाओं पर पुलिस की कार्रवाई
सेंधवा। पुलिस अधीक्षक बड़वानी पद्मविलोचन शुक्ल के निर्देशन में जिले में अपराधों पर अंकुश लगाने के अभियान के तहत थाना सेंधवा शहर पुलिस को महत्वपूर्ण सफलता मिली। पुलिस टीम ने तत्परता और सूझबूझ से कार्रवाई करते हुए एक शातिर मोबाइल चोर को गिरफ्तार किया, जिसके कब्जे से चोरी के कीमती मोबाइल फोन बरामद किए गए।
CCTV और मुखबिर सूचना से आरोपी तक पहुंची पुलिस
पिछले कुछ दिनों से सेंधवा शहर के भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों, बस स्टैंड और बाजारों में मोबाइल चोरी की लगातार शिकायतें मिल रही थीं। इन घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए थाना प्रभारी दिनेश सिंह कुशवाह ने विशेष टीम गठित की। टीम ने मुखबिर सूचना और तकनीकी साक्ष्यों, विशेषकर CCTV फुटेज के आधार पर कार्रवाई करते हुए संदिग्ध की घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार किया।
आरोपी से 8 मोबाइल बरामद
पुलिस के अनुसार आरोपी रवीन्द्र पिता सायला ब्राह्मणे, उम्र 20 वर्ष, निवासी ग्राम पिसनावाल, थाना सेंधवा ग्रामीण है। उसके कब्जे से विभिन्न कंपनियों के 08 एंड्रॉइड मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं, जिनकी कुल कीमत लगभग 80 हजार रुपए बताई गई है।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह बस स्टैंड, साप्ताहिक बाजार और अन्य भीड़भाड़ वाले स्थानों पर लोगों को निशाना बनाकर जेब से मोबाइल फोन चोरी करता था।

पुलिस टीम की भूमिका और जनता से अपील
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी दिनेश सिंह कुशवाह, उपनिरीक्षक संतोष पाटीदार, सहायक उपनिरीक्षक सतीश पवार, आरक्षक विशाल पाटिल और आरक्षक श्यामगुण मिश्रा की महत्वपूर्ण भूमिका रही। सेंधवा पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि भीड़भाड़ वाले स्थानों पर अपने कीमती सामान का विशेष ध्यान रखें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल नजदीकी पुलिस थाना या डायल 112 पर दें।



